Sant Kabir Nagar News: पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, दो की मौत, एसएचओ समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित

Sant Kabir Nagar News: मेंहदावल के जमोहरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और फायरिंग में दो लोगों की मौत, दो घायल, लापरवाही के आरोप में डीआईजी ने पांच पुलिसकर्मियों पर की कार्रवाई।

Amit Pandey
Published on: 15 Nov 2026 9:13 PM IST
firing Case
X

 पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, दो की मौत, एसएचओ समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित (Photo- Newstrack)

Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट और फायरिंग की इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी), बस्ती परिक्षेत्र, बस्ती संजीव त्यागी के आदेश पर की गई है।

पुरानी रंजिश में मारपीट और फायरिंग, दो की मौत

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे थाना मेंहदावल पर ग्राम प्रधान जमोहरा की ओर से सूचना दी गई कि गांव के एक खेत में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग हुई है। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की ओर से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मेंहदावल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान प्रहलाद यादव और रामकेश यादव की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल राम सहाय और घनश्याम यादव की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया।


लापरवाही पर एसएचओ समेत पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस विभाग ने मामले में कड़ा रुख अपनाया है। कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी के आदेश पर थाना मेंहदावल के प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह, निरीक्षक अपराध ओमप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक एवं हल्का प्रभारी योगेश राय और मुख्य आरक्षी मुरली मनोहर समेत पांच पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जमोहरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई इस घटना में दो लोगों की मौत और दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद पुलिस विभाग की ओर से लापरवाही के मामले में यह कार्रवाई की गई है।

Amit Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Amit Pandey

वरिष्ठ संवाददाता, संत कबीर नगरamitkumarpande@newstracksite.vocalwire.com
Next Story