TRENDING TAGS :
Sant Kabir Nagar News: ड्यूटी से गायब सिपाही पर कार्रवाई, सपा से टिकट की दावेदारी की चर्चा
Sant Kabir Nagar News: ड्यूटी से गैरहाजिर सिपाही पर निलंबन के बाद भी पुलिस लाइन में आमद न कराने का आरोप, राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर में गोरखपुर यूपी डायल-112 में तैनात सिपाही श्याम सुंदर चौहान का मामला सामने आया है। आरोप है कि सिपाही करीब एक साल से ड्यूटी से गायब रहा और इस दौरान कागजों में उसकी हाजिरी दर्ज होती रही। बताया जा रहा है कि वह संतकबीरनगर की धनघटा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय है।
निलंबन के बाद भी पुलिस लाइन में नहीं दी आमद
करीब तीन महीने पहले उच्च अधिकारियों को सिपाही की लंबी गैरहाजिरी और मामले की जानकारी हुई। इसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया। नियमानुसार निलंबन के बाद उसे पुलिस लाइन में आमद दर्ज करानी थी, लेकिन आरोप है कि निलंबन के बाद भी उसने पुलिस लाइन में आमद नहीं दी। इसके बावजूद वह राजनीतिक गतिविधियों में खुले तौर पर शामिल होता रहा।
लाल टोपी में सोशल मीडिया पर तस्वीरें
सिपाही पर आरोप है कि वह समाजवादी पार्टी के नेताओं के स्वागत से जुड़े पोस्टर जारी करता है। सोशल मीडिया पर लाल टोपी लगाए अपनी तस्वीरें भी पोस्ट करता है। इन तस्वीरों के साथ वह समाजवाद के समर्थन में संदेश भी लिखता है। करीब एक महीने पहले धनघटा में आयोजित सपा की समीक्षा बैठक में भी वह शामिल हुआ था।
मंच से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील
समीक्षा बैठक में श्याम सुंदर चौहान ने सार्वजनिक मंच से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। उसने खुद को अनुसूचित जाति और दलित समाज से बताते हुए भाजपा के दलित सांसदों और विधायकों पर आरोप लगाए। उसने कहा कि अगर लोग नहीं चेते तो चुनाव और संविधान खत्म हो जाएगा और सभी से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए साथ आने की अपील की।
गैरहाजिरी का कारण पता कर रहा पुलिस प्रशासन
ड्यूटी से गैरहाजिर रहने और राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने के मामले को लेकर पुलिस प्रशासन अब आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। गोरखपुर एसपी क्राइम अयोध्या सिंह ने बताया कि श्याम सुंदर चौहान काफी समय से निलंबित है और वह हाजिरी भी नहीं लगा रहा है। उससे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है और गैरहाजिर रहने का कारण पता किया जा रहा है।


