Sant Kabir News:पति ने मंदिर में कराई पत्नी की प्रेमी से शादी, 21 साल पुराने रिश्ते का सम्मानजनक अंत

Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर में एक पति ने अनोखा फैसला लेते हुए अपनी पत्नी की उसके प्रेमी से मंदिर में शादी करा दी। 21 साल पुराने रिश्ते के बाद पत्नी को सम्मानपूर्वक विदा करने का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Amit Pandey
Published on: 5 Aug 2026 7:42 PM IST
Sant Kabir News:पति ने मंदिर में कराई पत्नी की प्रेमी से शादी, 21 साल पुराने रिश्ते का सम्मानजनक अंत
X

Sant Kabir Nagar News

Sant Kabir Nagar News: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना दिया है। धनघटा थाना क्षेत्र के डेवरी गांव निवासी बुद्धिराम निषाद ने पारिवारिक कलह और पत्नी के प्रेम संबंध के चलते एक अनोखा फैसला लेते हुए अपनी पत्नी फूलमती की शादी उसके प्रेमी से खुद मंदिर में करवा दी।

जानकारी के अनुसार, बुद्धिराम निषाद और फूलमती ने करीब 21 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के दांपत्य जीवन से पांच बच्चे भी हैं। हालांकि, कुछ समय पहले फूलमती का गांव के ही युवक अवधेश से प्रेम संबंध हो गया। दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों के बाद करीब दो महीने पहले फूलमती अपने पति और बच्चों को छोड़कर अवधेश के साथ चली गई थी।परिजनों और ग्रामीणों के समझाने के बाद फूलमती वापस घर तो लौट आई, लेकिन उसका मन परिवार में नहीं लग रहा था। इसके चलते पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद और तनाव की स्थिति बनी रहती थी।

लगातार हो रहे विवादों से परेशान होकर बुद्धिराम ने दोनों पक्षों के परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में बड़ा फैसला लिया। वह सभी को लेकर अशरफपुर स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे रीति-रिवाज के साथ फूलमती और अवधेश का विवाह संपन्न कराया। इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी को सम्मानपूर्वक उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया।बुद्धिराम ने बताया कि जब उनकी पत्नी का मन उनके साथ रहने में नहीं था और वह किसी अन्य व्यक्ति के साथ जीवन बिताना चाहती थी, तो उसे जबरदस्ती रोकना उचित नहीं था। उन्होंने कहा कि पत्नी की खुशी में ही उनकी खुशी है और वह भी अपनी जिंदगी शांति से जीना चाहते हैं।फिलहाल, पति द्वारा खुद अपनी पत्नी की प्रेमी से शादी कराए जाने का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Amit Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Amit Pandey

वरिष्ठ संवाददाता, संत कबीर नगरamitkumarpande@newstracksite.vocalwire.com
Next Story