Santkabirnagar: पूर्व विधायक जय चौबे ने थानों और क्षेत्रों का किया दौरा, जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी

Santkabirnagar News: पूर्व विधायक जय चौबे ने खलीलाबाद कोतवाली समेत कई थानों में पहुंचकर पुलिसकर्मियों और लोगों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

Amit Pandey
Published on: 4 Sept 2026 10:53 PM IST
Former MLA Jai Choubey visits police stations and areas and wishes Happy Janmashtami
X

पूर्व विधायक जय चौबे ने थानों और क्षेत्रों का किया दौरा, जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी (Photo- Newstrack)

Santkabirnagar News: संतकबीरनगर पूरे जिले में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। मंदिरों से लेकर पुलिस थानों तक हर जगह भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसी कड़ी में खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक जय चौबे ने भी जिले के विभिन्न स्थानों का दौरा किया और क्षेत्रवासियों के साथ जन्माष्टमी की खुशियां साझा कीं।

पूर्व विधायक जय चौबे ने मुख्य रूप से जिले के विभिन्न पुलिस थानों में आयोजित जन्माष्टमी समारोहों में विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने खलीलाबाद कोतवाली, थाना दुधारा और थाना महुली पहुंचकर पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और वहां मौजूद आम जनमानस को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना कर की सुख-शांति की कामना

जन्माष्टमी के अवसर पर जिले के थानों में विशेष सजावट की गई और आकर्षक झांकियां भी सजाई गईं। पुलिस थानों में आयोजित इन धार्मिक कार्यक्रमों में जय चौबे की मौजूदगी से समारोह की रौनक और बढ़ गई। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के साथ ही पूरे जिले के लोगों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

इस दौरान जन्माष्टमी को लेकर थानों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। पुलिसकर्मियों के साथ आम लोग भी धार्मिक आयोजन में शामिल हुए और भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।

बोले जय चौबे, अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देता है कृष्ण का जीवन

अपने संबोधन में जय चौबे ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन सभी को अन्याय के खिलाफ लड़ने और हमेशा धर्म, कर्म और सत्य के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण के जीवन से हमें कठिन परिस्थितियों में भी सही रास्ते पर आगे बढ़ने और सत्य का साथ देने की सीख मिलती है।

पूर्व विधायक ने इस मौके पर पुलिस प्रशासन के जवानों का उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय जब लोग अपने परिवार के साथ घरों में खुशियां मनाते हैं, उस समय पुलिस के जवान अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा के साथ जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं और त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर भी पहुंचे पूर्व विधायक

पुलिस थानों के अलावा जय चौबे ने खलीलाबाद क्षेत्र के कई अन्य सार्वजनिक स्थानों और गांवों का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अपने समर्थकों, कार्यकर्ताओं और आम जनता से मुलाकात की और सभी को जन्माष्टमी की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

जय चौबे के इस जनसंपर्क और लोगों से आत्मीय अंदाज में मुलाकात करने की स्थानीय लोगों ने सराहना की। इस दौरान उनके साथ कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे। पूरे दौरे के दौरान जन्माष्टमी को लेकर लोगों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

Amit Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Amit Pandey

वरिष्ठ संवाददाता, संत कबीर नगरamitkumarpande@newstracksite.vocalwire.com
Next Story