Sant Kabir Nagar News: संत कबीर नगर जेल की पहल, बंदी सीखेंगे मशरूम खेती और मोमबत्ती बनाने का हुनर

Sant Kabir Nagar News: संत कबीर नगर जिला कारागार में बंदियों के लिए कौशल विकास कार्यक्रम शुरू। कैदी मशरूम खेती, मोमबत्ती और अन्य रोजगारपरक हुनर सीखेंगे।

Amit Pandey
Published on: 18 May 2026 5:22 PM IST
Sant Kabir Nagar News
X

Sant Kabir Nagar News(Photo-Social Media)

Sant Kabir Nagar News: अपराध और सजा की दुनिया से इतर, संत कबीर नगर जिला कारागार से समाज के लिए एक बेहद सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल सामने आई है। जेल की चहारदीवारी में बंद कैदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कारागार प्रशासन ने एक सराहनीय कदम उठाया है। जिला कारागार अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि बंदियों के पुनर्वास और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जेल परिसर में एक विशेष कौशल विकास कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ कारागार अधीक्षक द्वारा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) की टीम की उपस्थिति में किया गया।

इस कौशल विकास कार्यक्रम के तहत बंदियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक और बाजार की मांग के अनुरूप हुनर भी सिखाया जाएगा। प्रशिक्षण में मशरूम की वैज्ञानिक खेती, उन्नत सब्जियों की खेती, अगरबत्ती और मोमबत्ती निर्माण, होजरी, जूट बैग निर्माण तथा पशुपालन जैसे रोजगारपरक लघु उद्योगों की बारीकियां शामिल होंगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। जेल प्रशासन का मानना है कि रोजगार के अभाव में कई लोग रिहाई के बाद दोबारा अपराध की ओर लौट जाते हैं। ऐसे में यह प्रशिक्षण उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कारागार अधीक्षक कुलदीप सिंह के अनुसार, इस कार्यक्रम का लक्ष्य बंदियों को ऐसा हुनर देना है जिससे वे सजा पूरी होने के बाद आर्थिक रूप से सशक्त बनकर अपने परिवार का भरण-पोषण सम्मानजनक तरीके से कर सकें। जेल प्रशासन और एसबीआई RSETI का यह संयुक्त प्रयास न केवल बंदियों को नया जीवन देने की दिशा में कदम है, बल्कि सलाखों के पीछे बंद जीवन में उम्मीद की नई किरण भी जगा रहा है, जिससे वे भविष्य में समाज के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story