गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला जमोहरा गांव: खूनी संघर्ष, दो की मौत, चार लोग गंभीर

Santkabirnagar News: मेंहदावल के जमोहरा गांव में खेत की बुवाई को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हुआ। फायरिंग और लाठी-डंडों से छह लोग घायल हुए, दो की मौत, चार गोरखपुर रेफर। गांव में तनाव।

Amit Pandey
Published on: 15 Nov 2026 7:49 PM IST
Firing in santkabirnagar two dead, four serious
X

गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला जमोहरा गांव: खूनी संघर्ष, दो की मौत, चार लोग गंभीर (Photo- Social Media)

Santkabirnagar News: संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में रविवार को खेत की बुवाई को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते गांव में गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजने लगी। इस दौरान बंदूकों के साथ लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया। घटना में गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दो लोगों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमोहरा गांव में खेत की बुवाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। रविवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने अचानक दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। इस दौरान धारदार हथियारों, लाठी-डंडों और बंदूकों का इस्तेमाल किया गया। हमलावरों ने कुल छह लोगों को निशाना बनाया। अंधाधुंध फायरिंग में प्रहलाद पुत्र राजकुमार और रामकेश पुत्र फेकूराम को गोली लग गई। वहीं, चार अन्य ग्रामीण भी मारपीट और लाठी-डंडों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिला अस्पताल में दो लोगों को मृत घोषित किया

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल संतकबीरनगर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रहलाद और रामकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाकी चार घायलों की हालत भी गंभीर बनी हुई थी। बेहतर इलाज के लिए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

गांव में पुलिस और पीएसी तैनात, आरोपियों की तलाश शुरू

दो लोगों की मौत और चार लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कई थानों की फोर्स तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। गांव में तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की दूसरी अप्रिय घटना न हो।

वहीं, पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में खेत की बुवाई को लेकर पुराना विवाद ही खूनी संघर्ष की मुख्य वजह माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शांति व्यवस्था कायम करने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

Amit Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Amit Pandey

वरिष्ठ संवाददाता, संत कबीर नगरamitkumarpande@newstracksite.vocalwire.com
Next Story