TRENDING TAGS :
Sant Kabir: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रभारी मंत्री ने की प्रेस वार्ता, किया वृक्षारोपण
Sant Kabir Nagar News: संत कबीर नगर में प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रेस वार्ता की। उन्होंने विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वच्छता व वृक्षारोपण अभियान पर विस्तार से जानकारी दी।
Sant Kabir Nagar News
Sant Kabir Nagar News: उत्तर प्रदेश शासन की ग्रामीण विकास राज्यमंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती विजयलक्ष्मी गौतम जी द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत शनिवार को निरीक्षण भवन, खलीलाबाद में एक भव्य प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से मुखातिब होकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने खलीलाबाद विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय सरैया परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया तथा वृक्षारोपण कर जनपदवासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्रीमती विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के विगत 12 वर्षों का कार्यकाल बेहद सराहनीय और ऐतिहासिक रहा है। इस अवधि में देश ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए हर क्षेत्र में उन्नत विकास किया है। भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और वैश्विक मंच पर एक मजबूत नेतृत्व के रूप में उभरा है।उन्होंने कहा कि सरकार ने हमेशा गरीबों, मजदूरों, किसानों, महिलाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों सहित समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए कार्य किया है, जिनके बारे में आज़ादी के बाद से अब तक विशेष रूप से नहीं सोचा गया था।आज हमारा देश खाद्यान्न, रक्षा, चिकित्सा और आयुध उपकरणों के निर्माण में पहले से कहीं अधिक आत्मनिर्भर है। देश में कानून-व्यवस्था का राज स्थापित है और नागरिक निडर होकर सम्मानपूर्वक जीवन जी रहे हैं।
मंत्री ने सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री जन-धन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना सहित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला और देश के चौमुखी विकास के लिए प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त किया।इसके पश्चात प्रभारी मंत्री ने खलीलाबाद विकासखंड अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय सरैया के प्रांगण में वृक्षारोपण कर जनपद को स्वच्छ, सुंदर और हरियालीयुक्त बनाने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रयासों को साकार करने के लिए वन विभाग सहित सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधों का रोपण करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि आने वाली पीढ़ियों को प्रदूषण-मुक्त वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण आवश्यक है, इसलिए अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाएं।इसी क्रम में स्वच्छता अभियान के तहत प्रभारी मंत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष और विधायकों ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामकर विद्यालय परिसर की सफाई की और कचरा हटाया। मंत्री जी ने अधिकारियों को सफाई कर्मियों की टोलियां बनाकर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए और जनता से स्वच्छ भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती नीतू सिंह, विधायक खलीलाबाद अंकुर राज तिवारी, विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी हृदय राम तिवारी और उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी सहित विभिन्न अधिकारी एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।


