TRENDING TAGS :
Sant Kabir Nagar: संतकबीरनगर में पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध हथियारों संग 5 गिरफ्तार
Sant Kabir Nagar: खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में 5 शातिर बदमाश गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस बरामद, 2 बाइकें भी सीज की गईं।
संतकबीरनगर में पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध हथियारों संग 5 गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Sant Kabir Nagar: संतकबीरनगर जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहे, कारतूस, मोबाइल फोन, नकदी और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
बनकटिया गांव के पास बाग में चल रही थी गतिविधि
जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे और प्रभारी एसओजी रजनीश राय के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बनकटिया गांव के पश्चिम दिशा में स्थित एक बाग में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांच लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की हुई पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान नितेश चौरसिया पुत्र रामकेश निवासी मुस्तफाबाद उर्फ मलउर थाना सहजनवां जनपद गोरखपुर, सत्यम चौरसिया पुत्र रविप्रताप निवासी मुस्तफाबाद उर्फ मलउर थाना सहजनवां जनपद गोरखपुर, कृष्णा यादव पुत्र लवकुश निवासी ऊनखास (ओनिया) थाना कोतवाली खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर, रुद्र प्रताप यादव पुत्र विद्यासागर निवासी रानूखुर्द थाना सहजनवां जनपद गोरखपुर तथा रोहित कुमार गोड पुत्र लालमन निवासी गौरा रोहारी थाना कलवारी जनपद बस्ती, हाल मुकाम पटखौली थाना कोतवाली खलीलाबाद के रूप में हुई है।
तलाशी में मिले पिस्टल, तमंचे और कारतूस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब अभियुक्तों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक मिस फायर कारतूस 32 बोर बरामद हुआ। इसके अलावा तीन तमंचे 315 बोर और तीन जिंदा कारतूस 315 बोर भी बरामद किए गए। पुलिस ने एक अवैध तमंचा 12 बोर और एक जिंदा कारतूस 12 बोर भी बरामद किया।
इसके साथ ही अभियुक्तों के पास से तीन मोबाइल फोन और 750 रुपये नकद भी बरामद किए गए। बरामदगी के दौरान मौके से दो मोटरसाइकिल भी पुलिस के कब्जे में ली गईं।
पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि बरामद किए गए हथियार उन्होंने दो अलग-अलग व्यक्तियों से खरीदे थे। उन्होंने यह भी बताया कि इन असलहों का उपयोग लोगों को डरा-धमकाकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए किया जाता था। पूछताछ में मिली इस जानकारी के बाद पुलिस ने मामले की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आयुध अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
बरामदगी और पूछताछ के आधार पर थाना कोतवाली खलीलाबाद में अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 513/2026 के तहत धारा 3/25 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो मोटरसाइकिलें भी की गईं सीज
पुलिस के अनुसार मौके से बरामद दोनों मोटरसाइकिलों के संबंध में अभियुक्त कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके चलते दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


