TRENDING TAGS :
Santkabir Nagar News: अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
Santkabir Nagar News: अखिलेश यादव की रिहाई और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया।
अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन (Photo- Newstrack)
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने की घटना के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। घटना के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में रोष देखने को मिला। सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम, केडी यादव और नित्यानंद यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।
रिहाई और चुनाव आयोग के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के साथ ही चुनाव आयोग को लेकर भी सवाल उठाए। अब्दुल कलाम, केडी यादव और नित्यानंद यादव ने कहा कि जब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को ससम्मान रिहा नहीं किया जाता और मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए सवाल
नेताओं ने सरकार की मंशा और चुनावी निष्पक्षता को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार जनादेश के बजाय वोट चोरी के सहारे सत्ता में आने का काम कर रही है। नेताओं ने पश्चिम बंगाल, बिहार और दिल्ली का जिक्र करते हुए चुनावी प्रक्रियाओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और चुनावी नतीजों में धांधली के जरिए सरकारें बनाई जा रही हैं।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
अब्दुल कलाम, केडी यादव और नित्यानंद यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और समाजवादी पार्टी इसके खिलाफ संघर्ष करेगी। नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसी की मेहरबानी से नहीं बनी, बल्कि संघर्ष की कोख से पैदा हुई है। पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर संघर्ष करना जानता है।
धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। केडी यादव और नित्यानंद यादव समेत अन्य नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर अखिलेश यादव की जल्द रिहाई नहीं हुई और चुनाव आयोग ने कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और तेज किया जाएगा।


