Sant Kabir Nagar:छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने पक्का पोखरे पर परखीं तैयारियां

Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट है, डीएम अनुज मलिक और एसपी संदीप कुमार मीना ने पक्का पोखरा घाट पर सुरक्षा और तैयारियों का जायजा लिया।

Amit Pandey
Published on: 12 Nov 2026 4:49 PM IST
Sant Kabir Nagar:छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने पक्का पोखरे पर परखीं तैयारियां
X

Sant Kabir Nagar News: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल, शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने खलीलाबाद शहर के शुगर मिल चौराहे स्थित ऐतिहासिक पक्का पोखरे का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने छठ घाट की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के आवागमन, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लियानिरीक्षण के दौरान डीएम अनुज मलिक ने नगर पालिका और संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घाट और उसके आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था चाक-चौबंद होनी चाहिए।

पोखरे के पानी की स्वच्छता और बैरिकेडिंग पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि गहरे पानी की ओर श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका न रहे। घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए हाई-मास्ट लाइट और जनरेटर का बैकअप रखने, पेयजल की उपलब्धता तथा महिलाओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनवाने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण में जहां कहीं भी छोटी-मोटी कमियां नजर आईं, जिलाधिकारी ने उन्हें पर्व शुरू होने से पहले हर हाल में दुरुस्त करने की हिदायत दी।वहीं, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की रूपरेखा की समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान घाट पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला आरक्षियों और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

इसके अतिरिक्त, सादे वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने को कहा गया, जिससे अराजक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके। एसपी ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थलों को पहले से चिह्नित करने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से जूझना न पड़े।अधिकारियों ने मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों और पूजा समिति के पदाधिकारियों से भी संवाद किया और उनसे प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। डीएम और एसपी ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और पर्व के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर प्रशासन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Amit Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Amit Pandey

वरिष्ठ संवाददाता, संत कबीर नगरamitkumarpande@newstracksite.vocalwire.com
Next Story