TRENDING TAGS :
Sant Kabir Nagar News: पुरानी रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, आंखों में मिर्च झोंककर लाठी-डंडों स
Sant Kabir Nagar News: पुरानी रंजिश में खलीलाबाद के युवक की बेरहमी से हत्या, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लाठी-डंडों से पीटा; आक्रोशित स्वजनों ने बाईपास पर शव रखकर लगाया जाम
Sant Kabir Nagar News:
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भगठान गोसाईपुर गांव में मंगलवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर 35 वर्षीय ब्रह्मानंद पुत्र दयाराम की लाठी-डंडे और धारदार हथियार से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि गांव के ही आठ से दस लोगों ने पहले रास्ते में उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर गए और फिर उन पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। गंभीर हालत में इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से उग्र हुए स्वजनों ने शव को खलीलाबाद बाईपास पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह मामला शांत कराया।
भगठान गोसाईपुर निवासी ब्रह्मानंद मंगलवार शाम अपनी मोटरसाइकिल से मवेशियों के लिए चोकर खरीदने गिठनी बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह गांव के रास्ते से आगे बढ़े, पहले से घात लगाकर बैठे गांव के ही आठ से दस मनबढ़ों ने पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों व आरोपों के मुताबिक, हमलावरों ने अचानक उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। आंखों में तेज जलन होने के कारण ब्रह्मानंद बाइक से नियंत्रण खो बैठे और सड़क पर गिर पड़े।इसके बाद हमलावरों ने उन्हें संभलने का मौका तक नहीं दिया और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, तब तक हमलावर उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन ब्रह्मानंद को तुरंत गंभीर स्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) खलीलाबाद ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बेहद चिंताजनक देखकर डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक बनी रहने पर उन्हें तुरंत उच्च चिकित्सा केंद्र (हायर सेंटर) ले जाने की सलाह दी, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही ब्रह्मानंद ने दम तोड़ दिया।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित स्वजन और ग्रामीण शव लेकर सीधे खलीलाबाद बाईपास पहुंचे और सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
देखते ही देखते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।चक्का जाम और बवाल की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दुबे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर और घटना में शामिल सभी आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी व कठोर कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपितों की संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


