Sant Kabir Nagar News: हत्याकांड आरोपी के एनकाउंटर की मांग ने लगाया जाम, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

Sant Kabir Nagar News: संत कबीर नगर में हत्याकांड के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग को लेकर लोगों ने जाम लगा दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर अभियान भी चलाया।

Amit Pandey
Published on: 19 Jun 2026 5:01 PM IST
Sant Kabir Nagar News
X

Sant Kabir Nagar News(Photo-Social Media)

Sant Kabir Nagar News: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और तनावपूर्ण खबर सामने आई है, जहां बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे पर गुरुवार की देर शाम एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी गई। इस जघन्य अपराध के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और उनके एनकाउंटर की मांग को लेकर शुक्रवार को गुस्साए ग्रामीणों ने खलीलाबाद-मेहदावल मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।

यह पूरी घटना गुरुवार देर शाम की है, जब बखिरा क्षेत्र के कोलकी चमरसन गांव का रहने वाला आनंद कुमार (26) पुत्र इंद्रेश अपनी बाइक से घर से महज दो किलोमीटर दूर बभनी चौराहे पर गुटखा खरीदने गया था। वह जैसे ही चौराहे पर पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया और धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही आनंद की दर्दनाक मौत हो गई। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बखिरा पुलिस ने मुख्य आरोपी नासिर सहित तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यहां शुक्रवार सुबह जैसे ही आनंद का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, भारी संख्या में ग्रामीण और परिजन पोस्टमार्टम हाउस के बाहर इकट्ठा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने इंसाफ और हत्यारोपियों के तत्काल एनकाउंटर की मांग को लेकर खलीलाबाद-मेहदावल मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। लगभग एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

ग्रामीणों के बढ़ते गुस्से और कानून-व्यवस्था को बिगड़ता देख प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आया। तनाव को शांत करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्य आरोपी की दुकान और अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई शुरू की गई। बाबा के बुलडोजर की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद ही ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने चक्काजाम खत्म किया। इस वीभत्स हत्याकांड के बाद मृतक के पैतृक गांव कोलकी चमरसन और घटना स्थल बभनी चौराहे पर सन्नाटा पसरा हुआ है और पूरे इलाके में कर्फ्यू जैसा माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Amit Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Amit Pandey

Next Story