TRENDING TAGS :
Sant Kabir News: निषाद आरक्षण को लेकर VIP की संकल्प यात्रा, मुकेश सहनी ने संजय निषाद पर साधा निशाना
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर में VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने निषाद समाज के आरक्षण और अधिकारों को लेकर यूपी में 101 दिनों की संकल्प यात्रा निकालने का ऐलान किया।
Sant Kabir Nagar News
Sant Kabir Nagar News: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जनपद में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री Mukesh Sahani ने उत्तर प्रदेश में निषाद समाज के आरक्षण और अधिकारों को लेकर बड़ा राजनीतिक अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। खलीलाबाद स्थित होटल सोनी में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में 101 दिनों की "संकल्प यात्रा" निकालेगी, जिसके माध्यम से समाज के अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद समाज को उसका संवैधानिक अधिकार और राजनीतिक सम्मान दिलाने के लिए पार्टी प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचेगी। उन्होंने दावा किया कि यह यात्रा समाज को संगठित करने और आरक्षण के मुद्दे को मजबूती से उठाने का मंच बनेगी।इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री Sanjay Nishad पर भी निशाना साधा। मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद समाज ने बड़ी उम्मीदों के साथ संजय निषाद को अपना नेता माना और उन्हें राजनीतिक रूप से मजबूत बनाकर मंत्री पद तक पहुंचाया, लेकिन मंत्री बनने के बाद भी समाज को आरक्षण का लाभ दिलाने के मामले में अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सके।
उन्होंने कहा कि विकासशील इंसान पार्टी समाज के हक और सम्मान के सवाल पर कोई समझौता नहीं करेगी। पार्टी का उद्देश्य निषाद समाज को एकजुट कर उसके अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आगामी संकल्प यात्रा के दौरान प्रदेश भर में जनसभाएं, संवाद कार्यक्रम और संगठन विस्तार अभियान चलाए जाएंगे।मुकेश सहनी ने दावा किया कि निषाद समाज को उसका जायज अधिकार दिलाने और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


