TRENDING TAGS :
संतकबीरनगर: पुलिस कस्टडी में दबंगई, चैन स्नेचर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मूंछों पर ताव दिया
Sant Kabir Nagar News : संतकबीरनगर में चैन स्नेचर गिरफ्तारी के बाद पुलिस कस्टडी में मूंछों पर ताव देते दिखे, वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
Sant Kabir Nagar News
Sant Kabir Nagar News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जहां एक तरफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी तरफ संतकबीरनगर जिले से कानून को ठेंगा दिखाने वाली एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां पुलिस ने चैन स्नैचिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से ही कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। लेकिन चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब पुलिस इन पकड़े गए अभियुक्तों को मीडिया के सामने पेश करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस में लेकर पहुंची।
प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होने के बाद जब पुलिस टीम दोनों युवकों को वापस ले जा रही थी, तब कानून और खाकी के खौफ से बेफिक्र दोनों अपराधियों ने कैमरों के सामने मुस्कुराते हुए अपनी मूछों पर ताव दिया और अपने बुलंद हौसले का प्रदर्शन किया। पुलिस कस्टडी में अपराधियों की यह 'मनबढ़' हरकत साफ बयां करती है कि उनके मन में व्यवस्था का कोई डर नहीं है। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है, लेकिन अब देखने वाली बात यह होगी कि योगी सरकार की साख को बट्टा लगाने वाले इन दबंग अपराधियों के खिलाफ प्रशासन आगे क्या और कितनी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाता है।


