TRENDING TAGS :
Sant Kabir Nagar News: विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, लाभार्थियों को बांटे गए टूल-किट और चेक
Sant Kabir Nagar News: प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने विकास प्रदर्शनी, जनकल्याणकारी शिविर और प्राकृतिक खेती कार्यशाला का शुभारंभ कर लाभार्थियों को टूल-किट व चेक वितरित किए।
विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, लाभार्थियों को बांटे गए टूल-किट और चेक (Photo- Newstrack)
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले की प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने विकास भवन में जनकल्याणकारी शिविर, विकास प्रदर्शनी और प्राकृतिक खेती कार्यशाला का भव्य शुभारंभ किया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।
लाभार्थियों को टूल-किट और चेक भी वितरित किए गए
उन्होंने उज्ज्वला योजना, पीएम आवास और किसान सम्मान निधि जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। इस अवसर पर सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से टूल-किट, सिलाई मशीन और आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए गए।
इसी क्रम में कृषि विभाग द्वारा आयोजित कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को अधिक उपज प्राप्त करने और अपनी आय बढ़ाने के आधुनिक तौर-तरीके सिखाए। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने किसानों से रासायनिक खादों को छोड़कर प्राकृतिक खेती और 'श्री अन्न योजना' (मोटे अनाज) को अपनाने की भावुक अपील की।
फल-फूल की बागवानी और प्राकृतिक खेती
उन्होंने जोर देकर कहा कि फल-फूल की बागवानी और प्राकृतिक खेती को अपनाकर किसान न सिर्फ अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं, बल्कि हमारी धरती माता, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ी को भी खतरनाक बीमारियों से बचा सकते हैं।
इस भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों सहित भारी संख्या में प्रगतिशील किसान और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।


