TRENDING TAGS :
25 मिनट में उजड़ गया पूरा परिवार: मानस और बहन तूलिका का कौन करेगा अंतिम संस्कार
Lucknow Murder: SBI फील्ड अफसर मानस बाजपेयी ने पत्नी और बहन तूलिका की गोली मारकर हत्या के बाद आत्महत्या कर ली।
Lucknow Divya Mishra Murder: गुरुवार को सामने आई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एसबीआई में फील्ड अफसर के पद पर कार्यरत मानस बाजपेयी ने कथित तौर पर पारिवारिक कलह के बीच पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या की और इसके बाद अपनी बहन तूलिका को भी गोली मार दी। वारदात के बाद मानस ने खुद भी आत्मघाती कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि महज करीब 25 मिनट के भीतर एक परिवार पूरी तरह उजड़ गया। घटना के बाद अब सबसे मार्मिक सवाल यह खड़ा हो गया है कि मानस और उसकी बहन तूलिका का अंतिम संस्कार आखिर कौन करेगा।
परिवार के हालात इस घटना की त्रासदी को और गहरा कर देते हैं। मानस के पिता का निधन एक दशक से भी अधिक समय पहले हो चुका था, जबकि वर्ष 2019 में उसकी मां ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया था। माता-पिता के निधन के बाद परिवार में ऐसे करीबी सदस्य नहीं बचे थे, जो इस दुखद घड़ी में आगे आकर अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संभाल सकें। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाते-रिश्तेदारों से पूछताछ की और मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाया।
रिश्तेदार अवधेश के मुताबिक, पुलिस ने घटना के बाद मानस और तूलिका के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रात हो जाने के कारण दोनों शवों का पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाना है। इसके बाद उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हालांकि, परिवार में निकटतम परिजनों के न होने के कारण यह सवाल बना हुआ है कि दोनों को मुखाग्नि कौन देगा और अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी कौन संभालेगा।
चार मोबाइल पुलिस के कब्जे में, डिजिटल साक्ष्यों की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। मानस के घर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। तलाशी के दौरान पुलिस को चार मोबाइल फोन मिले, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है। इन मोबाइल फोन को अब फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
पुलिस मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, व्हाट्सऐप चैट, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है। जांच अधिकारियों को उम्मीद है कि मोबाइल में मौजूद जानकारी से घटना से पहले परिवार के भीतर चल रहे विवाद, आपसी बातचीत और मानस की मानसिक स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों को पुलिस अपनी विवेचना में भी शामिल करेगी।
फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या की इस पूरी घटना के पीछे की परिस्थितियों को जोड़ने में जुटी है। कुछ ही मिनटों में एक परिवार के कई सदस्यों की जिंदगी खत्म होने के बाद अब जांच एजेंसियों के सामने घटना की कड़ियों को जोड़ने के साथ-साथ उन परिस्थितियों का पता लगाने की चुनौती है, जिन्होंने इस भयावह त्रासदी को जन्म दिया।


