Shamli News: शामली के भैसानी इस्लामपुर में फूड पॉइजनिंग, एक ही परिवार के 7 लोग बीमार

Shamli News: शामली के भैसानी इस्लामपुर में लस्सी पीने से एक ही परिवार के 7 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए। सभी का इलाज जारी है और हालत स्थिर है।

Pankaj Prajapati
Published on: 18 May 2026 5:15 PM IST
Shamli News
X

Shamli News(Photo-Social Media)

Shamli News: जनपद के थानाभवन क्षेत्र के गांव भैसानी इस्लामपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक ही परिवार के सात लोग अचानक फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। घर में बनी लस्सी पीने के कुछ ही देर बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, दस्त और घबराहट की शिकायत के बाद सभी को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि समय पर उपचार मिलने से सभी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह मामला थानाभवन क्षेत्र के मोहल्ला भज्जर का है। बताया जा रहा है कि परिवार के लोगों ने रात के समय घर में बनी लस्सी का सेवन किया था। कुछ ही देर बाद कई सदस्यों को उल्टी, दस्त और बेचैनी की शिकायत शुरू हो गई। धीरे-धीरे हालत बिगड़ने पर परिजन घबरा गए और सभी को तुरंत थानाभवन के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया।

बीमार होने वालों में मुस्तफा, उमर मोहम्मद, गुलफ्सा, जाहिदा, दरक्षा और फरमान सहित दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। इनमें एक बच्ची की उम्र लगभग छह माह और दूसरे बच्चे की उम्र करीब अठारह माह बताई जा रही है। छोटे बच्चों की तबीयत बिगड़ने से परिवार में चिंता का माहौल बन गया। उपचार कर रहे चिकित्सक ने बताया कि गर्मी के मौसम में खानपान को लेकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बासी भोजन, खराब दूध या लंबे समय तक रखे गए पेय पदार्थ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। उन्होंने लोगों को अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी। डॉक्टरों ने यह भी कहा कि इस मौसम में तेज धूप से बचाव जरूरी है और कोल्ड ड्रिंक की जगह नींबू पानी, शिकंजी जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करना चाहिए। किसी भी प्रकार की तबीयत खराब होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना आवश्यक है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story