TRENDING TAGS :
Shamli News: कैराना में डग्गामार वाहनों का संचालन जारी, 15 सवारियां बैठाकर दौड़ रहे वाहन
Shamli News: शामली के कैराना में ओवरलोड डग्गामार वाहनों से यातायात प्रभावित, पुलिस और परिवहन विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी।
कैराना में डग्गामार वाहनों का संचालन जारी, 15 सवारियां बैठाकर दौड़ रहे वाहन (Photo- Newstrack)
Shamli News: जनपद शामली के कैराना कोतवाली क्षेत्र में डग्गामार वाहनों का संचालन खुलेआम जारी है। सड़कों पर फर्राटा भर रहे इन वाहनों में यातायात नियमों को ताक पर रखकर 14 से 15 यात्रियों को बैठाया जा रहा है। सवाल यह है कि आखिर इन डग्गामार वाहनों को किसका संरक्षण प्राप्त है ? क्या कैराना पुलिस की नजर इन वाहनों पर नहीं पड़ रही या फिर कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है ? इन वाहनों के कारण जहां आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, वहीं सरकार को भी राजस्व का भारी नुकसान होने की आशंका है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर इन ओवरलोड वाहनों के कारण कोई बड़ा हादसा हो जाता है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा ?
दरअसल, पूरा मामला जनपद शामली की कैराना कोतवाली क्षेत्र का है, जहां कथित तौर पर डग्गामार वाहनों का संचालन धड़ल्ले से किया जा रहा है। इन वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है। एक-एक गाड़ी में 14 से 15 सवारियां बैठाई जा रही हैं। हैरानी की बात यह है कि यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी के बावजूद इन वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक नजर नहीं आ रही है। इन डग्गामार वाहनों के कारण कैराना की सड़कों पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। जगह-जगह वाहन खड़े कर सवारियां भरने और उतारने के चलते जाम की स्थिति पैदा होती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों और हादसों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। पूर्व में भी डग्गामार वाहनों से दुर्घटनाएं होने और लोगों की जान जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एक तरफ उत्तर प्रदेश सरकार यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रोडवेज बसों का संचालन कर रही है, वहीं दूसरी तरफ अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहन सरकारी परिवहन व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं। बिना निर्धारित नियमों के चलने वाले ऐसे वाहनों से परिवहन विभाग को राजस्व का नुकसान होने की आशंका है। सवाल यह भी है कि इन वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा और यात्रियों की सुरक्षा की जांच आखिर कौन कर रहा है ?
अब सबसे बड़ा सवाल कैराना कोतवाली पुलिस और परिवहन विभाग से है कि आखिर इन डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही ? किसके संरक्षण में ये वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं ? क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं ? आखिर यात्रियों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले इन वाहन संचालकों पर कब शिकंजा कसा जाएगा ?
क्या कैराना में डग्गामार वाहनों के इस कथित नेटवर्क पर प्रशासन कार्रवाई करेगा या फिर यात्रियों की जान जोखिम में डालकर यह अवैध कारोबार यूं ही चलता रहेगा ?


