Shamli News: सावन के पहले दिन कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट

Shamli News: सावन के पहले दिन शामली से गुजर रहे कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, सफाई, चिकित्सा, प्रकाश और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है.

Pankaj Prajapati
Published on: 30 July 2026 2:21 PM IST
Police-Administration Alert on Kanwar Yatra on Sawan Day
X

सावन के पहले दिन कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट (Photo- Newstrack)

Shamli News: सावन माह का आज पहला दिन है और हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर हजारों शिवभक्त कांवड़िए शामली जनपद से होकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, साफ-सफाई, चिकित्सा और यातायात की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

शामली से होकर गुजरने वाले कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली सभी मीट की दुकानों को यात्रा अवधि के लिए पूरी तरह बंद करा दिया गया है, जबकि शराब की दुकानों को पर्दों से ढक दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने पूरे कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से लगातार की जा रही है। किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात हैं।

विभिन्न स्थानों पर शिविर और विश्राम कैंप

कांवड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर शिविर और विश्राम कैंप बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालु रात्रि विश्राम कर सकेंगे। इसके अलावा मेडिकल कैंप, एंबुलेंस और कंट्रोल रूम की भी व्यवस्था की गई है ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। रात के समय पैदल चलने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाली बसों को थानाभवन होकर निकाला जा रहा है, जिससे यात्रियों को कुछ अतिरिक्त समय और किराया देना पड़ सकता है। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था केवल कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से लागू की गई है।

कांवड़ मार्ग पर विशेष सफाई अभियान

वहीं नगर पालिका द्वारा पूरे कांवड़ मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। पुलिस और प्रशासन का दावा है कि सभी विभागों के समन्वय से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Pankaj Prajapati
ABOUT THE AUTHOR

Pankaj Prajapati

वरिष्ठ संवाददाता, शामलीpankajnews7tv@gmail.com
Next Story