Shamli News: मेरठ एडीजी भानु भास्कर ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, भोलेनाथ का किया जलाभिषेक

Shamli News: एडीजी भानु भास्कर ने शामली में कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया

Pankaj Prajapati
Published on: 10 Aug 2026 8:56 AM IST
Shamli News: मेरठ एडीजी भानु भास्कर ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, भोलेनाथ का किया जलाभिषेक
X

Shamli News: महाशिवरात्रि से पहले कांवड़ यात्रा अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। ऐसे में कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर शामली पहुंचे, जहां उन्होंने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया, पैदल भ्रमण किया और बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना भी की।

मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने शामली पहुंचकर सबसे पहले कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बनत चौराहे से लेकर शामली के शिव चौक और प्राचीन सिद्धपीठ गुलजारी वाले मंदिर तक करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रास्ते में तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

गुलजारी वाले मंदिर पहुंचकर एडीजी भानु भास्कर ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना कर प्रदेश में सुख, शांति और कांवड़ यात्रा के सकुशल संपन्न होने की कामना की। मंदिर समिति की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्हें रुद्राक्ष की माला पहनाई गई तथा पुष्पवर्षा कर सम्मानित किया गया। इस दौरान एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग पिछले लगभग तीन महीनों से लगातार तैयारियों में जुटा हुआ है।

पूरे कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील स्थानों पर वॉच टावर बनाए गए हैं, जबकि जगह-जगह कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। आधुनिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे कांवड़ मार्ग की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता है कि प्रत्येक कांवड़िया सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचे और महाशिवरात्रि का पर्व पूरी श्रद्धा, आस्था और शांति के साथ संपन्न हो।

इसी उद्देश्य से पुलिस, प्रशासन और अन्य विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं। एडीजी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।

Pankaj Prajapati
ABOUT THE AUTHOR

Pankaj Prajapati

वरिष्ठ संवाददाता, शामलीpankajnews7tv@gmail.com
Next Story