TRENDING TAGS :
Shamli News: शामली में खाने को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने डंडे से पीटकर की बड़े भाई की हत्या
Shamli News: शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र स्थित चौसाना में खाना खाने को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
Shamli News
Shamli News: शामली में गुरुवार देर शाम खाना खाने को लेकर दो भाइयों के बीच हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की डंडे से हमला कर हत्या कर दी। सिर पर गंभीर चोट लगने से 25 वर्षीय सन्नी उर्फ गोलू की मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी छोटे भाई पंकज को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दरअसल, थाना झिंझाना क्षेत्र के चौसाना स्थित कश्यप मोहल्ले में रहने वाले पंकज और सन्नी उर्फ गोलू (पुत्रगण ऋषिपाल) के बीच गुरुवार देर शाम खाना खाने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर छोटे भाई पंकज ने बड़े भाई सन्नी के सिर पर डंडे से वार कर दिया। चोट लगने से सन्नी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पंकज को हिरासत में ले लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी शामली सुमित शुक्ला, सीओ हेमंत कुमार और थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और विवाद के कारणों व घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
खून से लथपथ मिला कमरा
पुलिस अधिकारियों ने घर के अंदर घटनास्थल का निरीक्षण किया तो कमरे में खून फैला मिला। मौके की स्थिति देखकर खून के निशान मिटाने के प्रयास की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ कर घटना के संबंध में कुछ जानकारी जुटाई गई है, लेकिन आरोपी भाई पंकज मूक-बधिर होने के कारण उससे ज्यादा पूछताछ नहीं हो सकी।एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। रिश्तेदारों और अन्य भाइयों को सूचना दे दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


