Shamli News: आयुष मलिक केस में कोर्ट सख्त, चांदनी कुरैशी और उसके पिता की बेल अर्जी खारिज

Shamli News: शामली धर्मांतरण मामले में आयुष मलिक के पिता देवराज मलिक ने बेटे के ब्रेनवॉश का आरोप लगाया है। वहीं, आरोपी चांदनी कुरैशी और उसके पिता की जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Pankaj Prajapati
Published on: 9 Jun 2026 8:24 PM IST (Updated on: 9 Jun 2026 8:26 PM IST)
Shamli News:  आयुष मलिक केस में कोर्ट सख्त, चांदनी कुरैशी और उसके पिता की बेल अर्जी खारिज
X

Shamli News: शामली में दवा कारोबारी के बेटे आयुष मलिक के धर्म परिवर्तन के मामले में अब उसके पिता देवराज मलिक का बड़ा बयान सामने आया है। देवराज मलिक ने दावा किया है कि उनके बेटे का ब्रेनवॉश किया गया है और वह वर्तमान में मानसिक रूप से प्रभावित होकर बयान दे रहा है। वहीं इस मामले में आरोपी चांदनी कुरैशी और उसके पिता की जमानत याचिका भी कोर्ट ने खारिज कर दी है।

शामली में चर्चित धर्म परिवर्तन मामले को लेकर आयुष मलिक के पिता और दवा व्यापारी देवराज मलिक ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनका बेटा पहले एक सामान्य और धार्मिक विचारों वाला युवक था। उनका कहना है कि वर्ष 2018 में चांदनी कुरैशी के संपर्क में आने के बाद धीरे-धीरे उसके विचारों में बदलाव आया। देवराज मलिक के अनुसार पिछले कई वर्षों से उनके बेटे का मानसिक रूप से प्रभावी ढंग से ब्रेनवॉश किया गया है, जिसके कारण वह आज ऐसे बयान दे रहा है।

उन्होंने कहा कि उनके पास ऐसे कई फोटो और प्रमाण मौजूद हैं, जिनमें आयुष हिंदू धार्मिक कार्यक्रमों, पारिवारिक आयोजनों, रक्षाबंधन, भैया दूज और अन्य धार्मिक परंपराओं में शामिल होता दिखाई देता है। देवराज मलिक का कहना है कि उनका बेटा पहले सभी पारिवारिक और धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता था, लेकिन अब वह प्रभावित होकर कुछ भी कह सकता है।

देवराज मलिक ने कहा कि वह अपने बेटे को नकार नहीं सकते क्योंकि वह उनका बेटा है, लेकिन उनका मानना है कि फिलहाल वह अपने वास्तविक विचारों से भटक गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में जब उसे वास्तविकता का एहसास होगा तो वह अपने परिवार के पास वापस लौट सकता है।

उधर, इस मामले में नामजद चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम की ओर से दायर जमानत याचिका को अदालत ने खारिज कर दिया है। देवराज मलिक ने इस फैसले पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन, सामाजिक संगठनों और विभिन्न लोगों के प्रयासों से न्याय की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज के लोग आयुष की घर वापसी की कामना कर रहे हैं और आगे क्या होगा, यह समय और परिस्थितियां तय करेंगी।

Pankaj Prajapati
ABOUT THE AUTHOR

Pankaj Prajapati

Next Story