TRENDING TAGS :
शामली: कांधला में स्पेयर पार्ट्स की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
Shamli News: दिल्ली बस स्टैंड के पास हुई घटना, शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों से लगी आग; दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू।
Shamli News; शामली जनपद के कांधला कस्बे में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली बस स्टैंड के समीप मोटरसाइकिल स्पेयर पार्ट्स की एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान से उठती आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आग ने पड़ोस की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख होने की आशंका जताई जा रही है।
दरअसल, पूरा मामला कांधला नगर के दिल्ली बस स्टैंड के समीप का है, जहां कांधला निवासी साजिद सिद्दीकी की मोटरसाइकिल स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। साजिद सिद्दीकी मोटरसाइकिल के स्पेयर पार्ट्स के थोक विक्रेता भी हैं। रविवार सुबह अचानक उनकी दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुएं ने आग का रूप ले लिया और दुकान के अंदर रखा सामान आग की चपेट में आ गयाआग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग लगातार फैलती चली गई। कुछ ही देर में आग ने पड़ोस की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। बाजार में मौजूद लोगों ने अपनी दुकानों का सामान सुरक्षित निकालने का प्रयास किया।
घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक मोटरसाइकिल के स्पेयर पार्ट्स का काफी सामान जलकर राख हो चुका था।पीड़ित दुकानदार साजिद सिद्दीकी के अनुसार आग लगने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान में रखा कीमती सामान आग की भेंट चढ़ गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इस घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।


