TRENDING TAGS :
Shamli News: पिता को कांवड़ में बैठाकर ला रहा परिवार, सुख-समृद्धि की अनोखी कामना
Shamli News: शामली में परिवार अपने पिता को कांवड़ में बैठाकर यात्रा करा रहा है। परिवार ने सुख-समृद्धि की अनोखी कामना की।
Shamli News(Photo-Social Media)
Shamli News: सावन माह में आस्था अपने चरम पर है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लाखों कांवड़िये शामली के रास्ते अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। इस दौरान कई अनोखी और भावुक तस्वीरें भी सामने आ रही हैं। ऐसी ही एक तस्वीर कैराना के रहने वाले संजय कुमार और उनके परिवार की है, जिसने अपनी श्रद्धा और पारिवारिक एकता की मिसाल पेश की है। पूरा परिवार अपने पिता को कांवड़ में बैठाकर और दूसरी ओर पवित्र गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए शामली पहुंचा। इस अनोखी कांवड़ को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
हरिद्वार से तीन अगस्त को यात्रा शुरू करने वाले कैराना निवासी संजय कुमार अपने पूरे परिवार के साथ कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। उनकी कांवड़ की सबसे खास बात यह है कि एक ओर पवित्र गंगाजल रखा गया है, जबकि दूसरी ओर उनके पिता विराजमान हैं। परिवार के सदस्य बारी-बारी से कंधों पर कांवड़ उठाकर यात्रा पूरी कर रहे हैं। शामली के श्री हनुमान टीला हनुमान धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने इस अनोखी कांवड़ को देखकर उनकी भक्ति और सेवा भाव की सराहना की।
इस यात्रा में संजय कुमार की पत्नी, उनके भाई की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य भी बराबर की भागीदारी निभा रहे हैं। परिवार का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करना और अपने घर-परिवार में सुख, शांति और खुशहाली की कामना करना है। उनका विश्वास है कि माता-पिता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और भोलेनाथ की कृपा से परिवार हमेशा खुशहाल रहेगा।
संजय कुमार ने बताया कि तीन अगस्त को हरिद्वार से यात्रा शुरू करने के बाद अब तक उन्हें रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। प्रशासन की व्यवस्थाएं बेहतर हैं और जगह-जगह सेवा शिविरों में भोजन, पानी और चिकित्सा जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपने पिता के सम्मान और परिवार की एकता का प्रतीक भी है। आस्था, सेवा और संस्कार की यह अनोखी कांवड़ यात्रा हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रही है और श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।


