Shamli News: महाशिवरात्रि से पहले कैराना में पुलिस अलर्ट, कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था हुई कड़ी

Shamli News: महाशिवरात्रि से पहले शामली के कैराना में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। हरियाणा, राजस्थान और पंजाब जाने वाले शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Pankaj Prajapati
Published on: 5 Aug 2026 12:08 PM IST
Shamli News
X

Shamli News(Photo-Social Media)

Shamli News: महाशिवरात्रि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे कांवड़ यात्रा अपने अंतिम चरण में पहुंच रही है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लाखों की संख्या में शिवभक्त हरियाणा, राजस्थान और पंजाब की ओर कैराना से होकर गुजर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कैराना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी है। विशेष रूप से संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्रों में पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में कैराना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कैराना पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है, जबकि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों का रूट डायवर्जन लागू किया गया है, ताकि कांवड़ियों की यात्रा बिना किसी बाधा के जारी रहे।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने शामली बाईपास, नगर के कांवड़ शिविरों, कांधला बस स्टैंड, तीतरवाड़ा चुंगी, पानीपत बाईपास, यमुना ब्रिज और पानीपत रोड सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा पुलिस लगातार कांवड़ मार्ग पर गश्त कर रही है और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिवभक्त पूरी श्रद्धा और सुरक्षित वातावरण में अपनी यात्रा पूरी कर सकें। महाशिवरात्रि से पहले कैराना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हर स्तर पर निगरानी बनाए हुए है, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Pankaj Prajapati
ABOUT THE AUTHOR

Pankaj Prajapati

वरिष्ठ संवाददाता, शामलीpankajnews7tv@gmail.com
Next Story