TRENDING TAGS :
Shamli News: कांवड़ यात्रा में प्रेशर हॉर्न पर पुलिस सख्त, शामली में सघन चेकिंग अभियान जारी
Shamli News: महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र शामली यातायात पुलिस ने प्रेशर हॉर्न के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। सघन चेकिंग के दौरान नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
Shamli News(Photo-Social Media)
Shamli News: महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र शामली में यातायात पुलिस लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में सदर कोतवाली क्षेत्र के भिक्की मोड़ पर यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान कई बाइकों के चालान किए गए, जबकि नाबालिगों द्वारा बाइक चलाने के मामलों में भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने युवाओं को समझाया कि यह कार्रवाई किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि उनकी और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।
कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्त शामली से होकर अपने गंतव्य की ओर गुजर रहे हैं। ऐसे में सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। भिक्की मोड़ पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान उन बाइकों को रोका गया जिनमें तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न और नियमों के विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे। पुलिस ने मौके पर कई वाहनों के चालान किए और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
चेकिंग के दौरान कई नाबालिग बच्चे बाइक चलाते हुए मिले। पुलिस को देखकर कुछ नाबालिग बाइक सवार इधर-उधर भागते नजर आए, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोककर समझाइश दी। अधिकारियों ने कहा कि कम उम्र में वाहन चलाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि दुर्घटना का बड़ा कारण भी बन सकता है। ऐसे मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि बाइक में अवैध रूप से प्रेशर हॉर्न या मॉडिफाइड साइलेंसर न लगाएं और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए बिल्कुल भी न दें। पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और दुर्घटनामुक्त संपन्न हो सके।


