TRENDING TAGS :
चल यार, धक्का मार... थाने के बाहर बंद पड़ गई पुलिस की गाड़ी, सड़क पर धक्का लगाते दिखे लोग, VIDEO
Shamli News: शामली के थाना आदर्श मंडी के बाहर पुलिस की सरकारी गाड़ी अचानक खराब हो गई। वाहन स्टार्ट कराने के लिए पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोगों की मदद से धक्का लगाना पड़ा, वीडियो वायरल हुआ।
Shamli News: जनपद शामली के थाना आदर्श मंडी के बाहर उस समय एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब पुलिस की सरकारी गाड़ी अचानक खराब हो गई। आमतौर पर पुलिस की गाड़ियां अपराधियों का पीछा करने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहती हैं, लेकिन इस बार पुलिस वाहन ने थाने के मुख्य गेट के बाहर ही जवाब दे दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने वाहन को स्टार्ट करने के लिए आसपास मौजूद लोगों की मदद ली और कई लोगों ने मिलकर गाड़ी को धक्का लगाया। यह पूरा घटनाक्रम न्यूज़ ट्रैक के मोबाइल कैमरे में कैद हो गया।
दरअसल, मामला जनपद शामली के थाना आदर्श मंडी गेट के बाहर का है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पुलिस की गाड़ी सड़क पर खड़ी है और उसे स्टार्ट करने के लिए पुलिसकर्मी स्थानीय लोगों के साथ मिलकर धक्का लगा रहे हैं। इस दौरान राहगीर भी कुछ देर के लिए रुक गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।पुलिस की गाड़ियां हर समय आपातकालीन परिस्थितियों में इस्तेमाल होती हैं। ऐसे में यदि वाहन बीच रास्ते में ही खराब हो जाए तो किसी भी बड़ी घटना या आपराधिक मामले में समय पर कार्रवाई प्रभावित हो सकती है।
इसलिए पुलिस वाहनों का नियमित रखरखाव जरूरी है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे बिना किसी बाधा के अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।हालांकि, वाहन किस तकनीकी खराबी के कारण बंद हुआ और उसे ठीक करने के लिए क्या कार्रवाई की गई, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले को किस तरह लेता है और भविष्य में पुलिस वाहनों की स्थिति सुधारने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।


