Shamli News: शामली में मोबाइल की दुकान में भीषण आग, दिव्यांग दुकानदार को पांच लाख का नुकसान

Shamli News: शामली के थानाभवन में घंटाघर चौक के पास मोबाइल की दुकान में आग लगने से करीब पांच लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल की गाड़ी करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुँची।

Pankaj Prajapati
Published on: 27 Oct 2026 10:34 PM IST
Shamli News: शामली में मोबाइल की दुकान में भीषण आग, दिव्यांग दुकानदार को पांच लाख का नुकसान
X

Shamli News

Shamli News: थानाभवन कस्बे के घंटाघर चौक के समीप मंगलवार को एक मोबाइल की दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से दिव्यांग दुकानदार शाहरुख को करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद शामली से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुँची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दुकान से उठती लपटें देखकर मची अफरा-तफरी

थानाभवन कस्बे के घंटाघर चौक के समीप मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मोबाइल की दुकान से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने दुकान के अंदर रखे मोबाइल फोन और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। मुजफ्फरनगर जनपद के छतेला निवासी दिव्यांग दुकानदार शाहरुख की घंटाघर चौक के पास मोबाइल की दुकान है। मंगलवार को वह रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चला गया था। शाम के समय अचानक दुकान में आग लग गई। दुकान से उठती लपटें देखकर आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुँची और शामली से दमकल की गाड़ी बुलवाई गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में दुकान के अंदर रखे मोबाइल फोन और अन्य सामान जलकर राख हो गए।पीड़ित दुकानदार शाहरुख के मुताबिक, आग लगने से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पड़ोसी दुकानदार राजन ने बताया कि शाहरुख दुकान बंद करके जा चुका था, जिसके बाद अचानक आग लग गई। फिलहाल आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालाँकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जाँच के बाद ही चल सकेगा।

दमकल की व्यवस्था पर व्यापारियों ने उठाए सवाल

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने थानाभवन में दमकल विभाग की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। व्यापारियों का कहना है कि कस्बे में दमकल की गाड़ी तैनात नहीं है। आग लगने की सूचना के बाद शामली से दमकल की गाड़ी को मौके पर पहुँचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। व्यापारियों के मुताबिक, यदि कस्बे में ही दमकल की गाड़ी उपलब्ध होती, तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था और नुकसान को कम किया जा सकता था।दिव्यांग दुकानदार को हुए भारी आर्थिक नुकसान के बाद स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से थानाभवन में कम से कम एक दमकल गाड़ी तैनात करने की मांग की है। उनका कहना है कि कस्बे में अग्निशमन व्यवस्था मजबूत होने से भविष्य में आग लगने की घटनाओं के दौरान समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकेंगे और जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकेगा।

Pankaj Prajapati
ABOUT THE AUTHOR

Pankaj Prajapati

वरिष्ठ संवाददाता, शामलीpankajnews7tv@gmail.com
Next Story