TRENDING TAGS :
Shamli News: शामली में छत पर खेल रहे दो बच्चे संदूक में बंद मिले, अपहरण की आशंका से मचा हड़कंप
Shamli News: शामली के जैन मोहल्ला में छत पर खेल रहे दो बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में संदूक के अंदर अर्द्धबेहोशी की हालत में मिले। परिजनों ने अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया है।
Shamli News
Shamli News: शामली शहर के जैन मोहल्ला स्थित लाल गली में उस समय हड़कंप मच गया, जब छत पर खेल रहे दो मासूम बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में घर की तीसरी मंजिल पर रखे एक संदूक के अंदर अर्द्धबेहोशी की हालत में मिले। परिजनों का आरोप है कि एक अज्ञात युवक बच्चों को अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था। विरोध करने पर उसने बच्चों का मुंह दबाया और उन्हें संदूक में बंद कर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है। वहीं लोगों ने गली में घूम रही एक संदिग्ध महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मामला शामली शहर के जैन मोहल्ला लाल गली का है। यहां अंकित पुत्र राजेश के मकान की तीसरी मंजिल पर शुक्रवार को उनकी बहन प्रीति कपड़े धो रही थी। उसी दौरान अंकित का पांच वर्षीय बेटा हर्षित और प्रीति की सात वर्षीय बेटी माफी छत पर खेल रहे थे। कपड़े धोने के बाद प्रीति नीचे आ गई, जबकि दोनों बच्चे छत पर ही मौजूद थे।काफी समय तक बच्चे नीचे नहीं आए तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब हर्षित की मां तीसरी मंजिल पर पहुंची तो बच्चे वहां दिखाई नहीं दिए। तलाश के दौरान कमरे में रखे एक संदूक को खोला गया, जिसमें दोनों बच्चे अर्द्धबेहोशी की हालत में पड़े मिले। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में बच्चों को बाहर निकालकर पानी डालकर होश में लाया गया।
होश में आने के बाद बच्ची माफी ने बताया कि एक युवक छत पर आया था, जिसने काली टी-शर्ट और लोअर पहन रखा था तथा हाथ में कड़ा था। युवक दोनों बच्चों को पड़ोस की छत पर ले जाने का प्रयास कर रहा था। जब बच्चों ने शोर मचाया तो उसने उनका मुंह दबा दिया और बाद में उन्हें कमरे में रखे संदूक में बंद कर फरार हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान लोगों ने गली में घूम रही एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।


