×

Gorakhpur News: बीजेपी से इस्तीफा देते हुए शिवप्रताप शुक्ला के झलके आंसू, बोले-भाजपा मेरी मां जैसी!

Gorakhpur News: राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर जाते वक्त पार्टी या अन्य दायित्वों से त्यागपत्र देना पड़ता है। इसी क्रम में हिमाचल के राज्यपाल बने शिव प्रताप शुक्ला ने बीजेपी से इस्तीफा दिया इस दौरान वो भावुक नजर आए।

Purnima Srivastava
Published on: 15 Feb 2023 8:52 AM GMT
BJP Shiv Pratap Shukla
X

भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवप्रताप शुक्ला को पुष्पगुच्छ देते समर्थक (फोटो: न्यूज नेटवर्क)

Gorakhpur News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के उपरांत भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवप्रताप शुक्ला ने बीजेपी संगठन के सभी दायित्वों से त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी को संबोधित त्यागपत्र गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष/एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह को सौंपा। इस दौरान पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री शिवप्रताप शुक्ला की आंखें नम दिखीं। उन्होंने कहा कि चार दशक से उनका और भाजपा का मां-बेटे जैसा संबंध रहा है।

शिवप्रताप शुक्ला हुए भावुक

शिवप्रताप शुक्ला बुधवार की सुबह डॉ. धर्मेंद्र सिंह के बेतियाहाता स्थित आवास पर पहुंचे। उन्हें क्षेत्रीय महामंत्री व सहजनवा के विधायक प्रदीप शुक्ला, गोरखपुर के जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन के साथ बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। इसके बाद श्री शुक्ला ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी को संबोधित त्यागपत्र क्षेत्रीय अध्यक्ष को सौंपा। उन्होंने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त होने के उपरांत भाजपा के सभी दायित्वों से त्यागपत्र संवैधानिक दायित्व है।

शिवप्रताप शुक्ला का त्यागपत्र

यह मेरे लिए भावुक क्षण है, क्योंकि जिस संगठन में जीवन का एक-एक क्षण बीता, उससे त्याग पत्र देना पड़ रहा है। हालांकि राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर नियुक्ति होने के बाद यह जरूरी भी है।क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से लेकर भाजपा तक में शिवप्रताप शुक्ला जी सेवा और समर्पण के मिसाल रहे। संगठन के विभिन्न दायित्वों, राज्य और केंद्र में मंत्री रहते हुए इनके नाम बड़ी उपलब्धि रहीं हैं। इनका राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर नियुक्ति होना, गोरखपुर और यहां के भाजपा कार्यकर्ताओ के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, अष्टभुजा शुक्ल, नरेंद्र तिवारी, रमाशंकर शुक्ला, मार्कण्डेय मणि त्रिपाठी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

शिव प्रताप शुक्ल संस्कृत में लेंगे शपथ

पूर्व केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल 18 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल पद की शपथ लेंगे। वे 17 फरवरी को गोरखपुर से दिल्ली और वहां से शिमला के लिए निकलेंगे। 18 को शपथ ग्रहण के साथ ही वे कार्यभार ग्रहण करेंगे। शिव प्रताप शुक्ल राज्यपाल के पद व गोपनीयता की शपथ देवभाषा संस्कृत में लेंगे। इससे पूर्व वह विधायक, प्रदेश में कैबिनेट मंत्री, राज्यसभा सांसद और केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री की शपथ भी संस्कृत में ले चुके हैं।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story