Shravasti News: चाकू के मामले में आरोपी को सजा, जेल में बिताई अवधि ही काफी, 500 रुपये जुर्माना

Shravasti: श्रावस्ती में 2010 के चाकू मामले में अदालत ने शमसुद्दीन को दोषी ठहराया। जेल में बिताई अवधि की सजा और 500 रुपये जुर्माना लगाया। ऑपरेशन कन्विक्शन में पैरवी भी हुई।

Radheshyam Mishra
Published on: 1 Nov 2026 8:50 PM IST
Shravasti News: चाकू के मामले में आरोपी को सजा, जेल में बिताई अवधि ही काफी, 500 रुपये जुर्माना
X

Shravasti News: सिरसिया थाना क्षेत्र के ऊधो पुरवा तराई गांव निवासी शमसुद्दीन को 16 साल पुराने अवैध चाकू बरामदगी के मामले में न्यायालय ने दोषी करार देते हुए सजा सुना दी है। न्यायालय ने उसे जेल में बिताई गई अवधि के कारावास एवं 500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।

मामला थाना सिरसिया पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 939/2010, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट का है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2010 में पुलिस ने चेकिंग के दौरान शमसुद्दीन पुत्र लड्डन के कब्जे से एक नाजायज चाकू बरामद किया था। पुलिस ने मौके पर ही चाकू को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद विवेचना कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया था।

मामला लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन था। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत इस पुराने मामले को चिन्हित किया गया। अभियान की मॉनीटरिंग अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र द्वारा की जा रही है।

जिले में इस अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी स्वयं महत्वपूर्ण एवं चिन्हित अभियोगों का पर्यवेक्षण कर रहे हैं। अभियुक्तों को त्वरित सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने हेतु अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह सहित संबंधित थाना प्रभारियों एवं पैरोकारों को निर्देशित किया गया है।

इसी क्रम में मॉनिटरिंग सेल, जिला शासकीय अधिवक्ता एवं कोर्ट पैरोकार की प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप माननीय न्यायालय JM जनपद श्रावस्ती ने सुनवाई पूरी की।

न्यायालय ने साक्ष्यों एवं गवाहों के आधार पर अभियुक्त शमसुद्दीन को कब्जे से एक नाजायज चाकू बरामद होने के अपराध में दोषसिद्ध पाते हुए जेल में बिताई गई अवधि के कारावास एवं 500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुराने लंबित मामलों में भी लगातार पैरवी कर सजा दिलाई जा रही है। इससे अपराधियों में कानून का भय बनेगा और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story