Shravasti News: श्रावस्ती में एएसपी की व्यापारियों संग बैठक, सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

Shravasti News: श्रावस्ती में एएसपी चंद्रकेश सिंह ने व्यापारियों संग मासिक गोष्ठी कर सुरक्षा, ट्रैफिक, सीसीटीवी और साइबर अपराध रोकथाम को लेकर अहम निर्देश दिए।

Radheshyam Mishra
Published on: 24 May 2026 9:32 PM IST
Meeting with ASP traders in Sravasti, instructions to increase security
X

 श्रावस्ती में एएसपी की व्यापारियों संग बैठक, सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश (Photo- Newstrack)

Shravasti News: अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने आज पुलिस कार्यालय सभागार में सर्राफा, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, ईंट भट्ठा, मोबाइल शॉप व अन्य प्रतिष्ठान संचालकों के साथ मासिक गोष्ठी की। एएसपी ने साफ कहा कि अपराध रोकने के लिए पुलिस-व्यापारी समन्वय जरूरी है।

एएसपी ने सबसे पहले विभिन्न थाना क्षेत्र से आए सभी व्यापारी बंधुओं से उनका परिचय प्राप्त कर कुशलक्षेम जाना तथा उनके क्षेत्र में आ रहीं प्रमुख समस्याओं के बारे में जानकारी ली। गोष्ठी में प्रमुख रूप से व्यापारियों द्वारा यातायात, सड़क अतिक्रमण, बस स्टैंड पर अवैध डग्गामार वाहनों, पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं स्कूल बसों के फिटनेस से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया गया।

बैठक में इन मुद्दों पर हुई चर्चा

उपरोक्त समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने भीड़-भाड़ वाले स्थानों,बाजारों, कस्बों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अतिक्रमण विरोधी अभियान चलवाने, पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा स्कूल बसों की नियमित फिटनेस जांच कराए जाने हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही बाजारों की सुरक्षा के लिए रात्रि में पुलिस गश्त, पिकेट बढ़ाने, बैंक, एटीएम के आस-पास संदिग्ध व्यक्ति,वाहनों की निरंतर चेकिंग करने तथा थाना, चौकियों पर व्यापारी वर्ग की समस्याओं के निराकरण के लिए नियमित मासिक गोष्ठी आयोजित किए जाने के संबंध में व्यापारी बंधुओं को आश्वस्त किया।


अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि पुलिस विभाग द्वारा व्यापारियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा उनके साथ सद्व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर से सभी सर्राफा,पेट्रोल पंप,गैस एजेंसी,ईंट भट्ठा व्यवसायियों से गार्डों,चौकीदारों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने तथा बाल श्रम न कराने का अनुरोध किया गया।

साइबर अपराध से बचाव के लिए किया गया जागरूक

इसके अतिरिक्त किसी भी अप्रिय घटना जैसे: चोरी व लूट आदि की रोकथाम के लिए प्रत्येक व्यवसायी को ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जन सहयोग से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के लिए सभी व्यापारियों को धन्यवाद दिया गया। साथ ही अग्निकांड जैसी दुर्घटनाओं से बचाव के लिए संस्थानों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण लगाए जाने तथा ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध से बचाव के लिए ओटीपी किसी से साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने एवं बैंक विवरण सुरक्षित रखने के संबंध में भी जागरूक किया गया।

इस दौरान सूफी सगीर अहमद, दीनानाथ गुप्ता जिला अध्यक्ष उद्योग व्यापार मंडल श्रावस्ती, राजेश कुमार रस्तोगी जिला महामंत्री उद्योग व्यापार मंडल, करुणेश कुमार द्विवेदी, आशुतोष श्रीवास्तव, खुर्शीद अहमद,अमित कुमार पाठक, सूरज जायसवाल एवं अन्य व्यापारी बंधु, विभिन्न थानों से आए अधिकारी,कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story