Shravasti News: बाबा विभूतिनाथ धाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब, देर रात तक जलाभिषेक

Shravasti News: सावन के पहले सोमवार पर बाबा विभूतिनाथ धाम में तड़के 3 बजे से जलाभिषेक शुरू हुआ। नेपाल समेत कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा की, सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।

Radheshyam Mishra
Published on: 3 Aug 2026 10:18 PM IST
Flood of faith at Baba Vibhutinath Dham, Jalabhishek till late night
X

बाबा विभूतिनाथ धाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब, देर रात तक जलाभिषेक (Photo- Newstrack)

Shravasti News: सावन के पहले सोमवार को जिले के प्रसिद्ध पांडवकालीन बाबा विभूतिनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के 3 बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक देर शाम तक जारी रहा। नेपाल सहित आसपास के कई जिलों से पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर मनोकामनाएं मांगी।

रात 11 बजे से ही शुरू हो गई थी भीड़

श्रद्धालु एक दिन पहले ही सीताद्वार स्थित सीता सरोवर, जंगलदास कुट्टी और अन्य पवित्र स्थलों से जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे। रविवार रात 11 बजे से ही कांवड़ियों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। पूरी रात और सोमवार देर शाम तक भक्त कतारबद्ध होकर जलाभिषेक करते रहे। मंदिर परिसर पूरे दिन 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से गूंजता रहा।

झारखंडी नाथ और अन्य शिवालयों में भीड़

गिलौला क्षेत्र स्थित बाबा झारखंडी नाथ मंदिर में भी सुबह 4 बजे से जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ। जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। जिले के अन्य शिवालयों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सावन के प्रत्येक सोमवार को लगने वाले मेले को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को सीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के बीच रहकर निगरानी कर रहे हैं।

प्रशासन ने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं से शालीन व्यवहार करने, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और भीड़ बढ़ने पर बैरिकेडिंग, यातायात व पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए । संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर भी विशेष नजर रखी गयी है।

श्रावस्ती पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 पर दे।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story