Shravasti News: ‘संविधान से संवाद’ पर विधिक जागरूकता शिविर, छात्रों को बताए अधिकार और कर्तव्य

Shravasti News: अलक्षेन्द्र इंटर कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर के दौरान अधिवक्ताओं ने छात्रों को मौलिक अधिकार, कर्तव्य और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी।

Radheshyam Mishra
Published on: 20 Nov 2026 5:36 PM IST
Legal Awareness Camp on Dialogue with Constitution
X

‘संविधान से संवाद’ पर विधिक जागरूकता शिविर, छात्रों को बताए अधिकार और कर्तव्य (Photo- Newstrack)

Shravasti News: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत अलक्षेन्द्र इंटर कॉलेज भिनगा में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रावस्ती माननीय रमेश चंद्र प्रथम के निर्देशन में तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रावस्ती अनुप्रिया के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से शुरू हुआ। इसका संचालन पैनल लॉयर अशोक कुमार शर्मा ने किया।

छात्र-छात्राओं को मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक कुमार शर्मा, पैनल लॉयर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रावस्ती ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन जीने का आधार है। हर नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।

उन्होंने छात्रों को संविधान के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों के लिए हमेशा सचेत रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को कानूनी सहायता की आवश्यकता हो तो वह नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क कर सकता है। इस नंबर पर निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी जाती है।

अधिवक्ता जगदंबा त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समानता के अधिकार, स्वतंत्रता के अधिकार और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समाज के कमजोर, गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को मिलना चाहिए।

संविधान के मूल्यों को समझना चाहिए

उन्होंने छात्रों से कहा कि वे जागरूक नागरिक बनें, अपने अधिकारों को जानें और अपने कर्तव्यों का पालन करें। यही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र ही देश का भविष्य हैं। यदि छात्र आज संविधान के मूल्यों को समझ लेंगे तो कल एक मजबूत और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण होगा।

शिविर में छात्रों ने बड़े ध्यान से वक्ताओं की बातें सुनीं और कई सवाल भी पूछे, जिनका अधिवक्ताओं ने सरल भाषा में जवाब दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में संविधान के प्रति सम्मान और विधिक जागरूकता बढ़ाना था, जो पूरी तरह सफल रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ज्योति प्रकाश पांडे, उप प्राचार्य डॉ. महेंद्र भारती, रवि कुमार सहित अन्य शिक्षकगण, दयाराम वरिष्ठ लिपिक, पीएलवी आदित्य कुमार, गायत्री पांडे सहित विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story