TRENDING TAGS :
Shravasti News: साइबर सेल की बड़ी सफलता, ठगी के शिकार युवक को वापस मिले 1864 रुपये
Shravasti News: सिरसिया साइबर सेल ने यूपीआई ठगी की शिकायत पर कार्रवाई कर 1864.37 रुपये वापस कराए। शेष धनराशि की वापसी के लिए पुलिस के प्रयास जारी हैं।
साइबर सेल की बड़ी सफलता, ठगी के शिकार युवक को वापस मिले 1864 रुपये (Photo- Newstrack)
Shravasti News: जनपद में साइबर अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरसिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल थाना सिरसिया की टीम ने साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित के खाते में फंसी धनराशि वापस कराई है। एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पीड़ित के खाते में 1,864.37 रुपये की राशि वापस कराई गई है।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में जिले भर में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
UPI के जरिए हुई थी 2150 रुपये की ठगी
जानकारी के अनुसार आवेदक अमित कुमार यादव पुत्र अमरीका प्रसाद निवासी ग्राम कल्यानपुर, डाकघर बेल्हरी, थाना सिरसिया जनपद श्रावस्ती ने 31 अक्टूबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल (1930) http://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत संख्या 33110250152116 के तहत बताया गया था कि साइबर ठग ने UPI के माध्यम से उनके बैंक खाते से कुल 2,150 रुपये की ठगी कर ली है।
शिकायत मिलते ही साइबर सेल थाना सिरसिया की टीम सक्रिय हो गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक से समन्वय स्थापित करते हुए ठगी गई राशि को होल्ड कराया। इसके बाद एमआरएम यानी मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल पोर्टल के माध्यम से विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए होल्ड की गई धनराशि में से 1,864.37 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए। शेष राशि की वापसी के लिए भी प्रयास जारी है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
साइबर ठगी से बचने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी किसी से शेयर न करें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या http://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। जितनी जल्दी शिकायत दर्ज होगी, पैसा वापस मिलने की संभावना उतनी ही अधिक होगी।
सराहनीय रही टीम
इस सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दुबे, उपनिरीक्षक आदर्श कुमार मौर्य, कंप्यूटर ऑपरेटर अनुज भारती, आरक्षी शरद गुप्ता और आरक्षी प्रांशु पाल की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की पीठ थपथपाई है।


