Shravasti News: श्रावस्ती में 'दिशा' बैठक सम्पन्न, पात्रों को योजनाओं का लाभ दें

Shravasti News: श्रावस्ती में सांसद राम शिरोमणि वर्मा की अध्यक्षता में दिशा बैठक हुई, जिसमें अधिकारियों को पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

Radheshyam Mishra
Published on: 21 May 2026 9:36 PM IST
Shravasti News: श्रावस्ती में दिशा बैठक सम्पन्न, पात्रों को योजनाओं का लाभ दें
X

Shravasti News: श्रावस्ती में वृहस्पतिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष और सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने की। बैठक में जिले में चल रही सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक के दौरान सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा जो भी शिकायतें और समस्याएं उठाई गई हैं, उन पर सभी अधिकारी गंभीरता से संज्ञान लें और प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।

पिछली बैठक के निर्देशों की हुई समीक्षा

बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी सदन को दी गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बताया कि पिछली बैठक के बाद किन-किन योजनाओं और विकास कार्यों में क्या प्रगति हुई है। इसके बाद विभागीय कार्यक्रमों और विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

मनरेगा में 4900 परिवारों को मिला लाभ

बैठक में बताया गया कि विकसित भारत जी राम जी गारंटी फार रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में मई 2026 तक मनरेगा योजना के अंतर्गत 3.79 लाख मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके सापेक्ष 18 मई 2026 तक 0.33 लाख मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है। इस योजना के माध्यम से अब तक 4900 परिवारों को लाभान्वित किया गया है।

पेंशन योजनाओं में हजारों लोगों को मिला लाभ

वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 29919 आवेदन पत्रों के सापेक्ष 29961 आवेदन पत्रों को स्वीकृति देते हुए लाभ दिया गया है। वहीं राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में 104 आवेदन पत्रों के सापेक्ष सभी 104 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं।

निराश्रित दिव्यांगजन भरण पोषण अनुदान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 5682 दिव्यांगजनों को पेंशन भेजी जा चुकी है। वहीं निराश्रित महिला पेंशन भरण पोषण अनुदान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 20602 लाभार्थियों को पेंशन दी जा रही है। इसके अलावा वर्ष 2026-27 में 143 नए आवेदन पत्रों को स्वीकृत कर पोर्टल पर अग्रसारित किया गया है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हुआ बड़ा सर्वे

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कुल 66601 परिवारों का आवास के लिए सर्वे कराया जा चुका है। वहीं डिलीशन मॉड्यूल के तहत 10794 अपात्र परिवारों को सूची से हटाया गया है।

फसल बीमा और किसान सम्मान निधि पर भी हुई चर्चा

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी मौसम में 55223 किसानों को योजना से जोड़ा गया है। इन किसानों का कुल बीमित क्षेत्रफल 11200 हेक्टेयर बताया गया।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत वर्ष 2025-26 में जनपद श्रावस्ती के 158500 पात्र किसान परिवारों को लाभ पहुंचाया गया है।

पीएम स्वनिधि योजना में लाभार्थियों को मिली किश्तें

बैठक में जानकारी दी गई कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत जिले की दोनों निकायों में प्रथम किश्त के लिए कुल आवेदन 2025 के सापेक्ष 1638 लाभार्थियों को पहली किश्त दी जा चुकी है। वहीं 1863 आवेदन पत्रों के सापेक्ष 565 लाभार्थियों को दूसरी किश्त और 142 आवेदन पत्रों के सापेक्ष 102 लाभार्थियों को तीसरी किश्त की धनराशि भेजी जा चुकी है।

आयुष्मान कार्ड बनाने में जिले को मिला 14वां स्थान

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में कुल 122458 लक्षित परिवारों के सापेक्ष 111932 परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इन परिवारों में कम से कम एक सदस्य का आयुष्मान गोल्डन कार्ड जारी किया जा चुका है। इस उपलब्धि के साथ श्रावस्ती जिले को प्रदेश में 14वां स्थान मिला है।

राशन कार्ड और उचित दर दुकानों की भी हुई समीक्षा

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिले में इस समय कुल 449 उचित दर की दुकानें संचालित हो रही हैं। जिले में 23172 अंत्योदय राशन कार्ड और 193499 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड समेत कुल 216671 राशन कार्ड प्रचलन में हैं।

सांसद निधि से हाईमास्ट और सोलर लाइट लगाने की तैयारी

सांसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत सांसद द्वारा प्रस्तावित 167 हाईमास्ट लाइटों के सापेक्ष 123 हाईमास्ट लाइटों को स्वीकृति देकर कार्यदायी विभाग को भेज दिया गया है। इसके अलावा 602 सोलर लाइटों के सत्यापन का कार्य भी पूरा करा लिया गया है।

कई योजनाओं की गहन समीक्षा कर दिए गए निर्देश

बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना, जननी सुरक्षा योजना और एनआरएलएम सहित कई योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से तय समय सीमा के भीतर पूरे कराए जाएं।

डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बैठक में आए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सांसद और समिति अध्यक्ष द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा। डीएम ने विकास कार्यों से जुड़े अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए समय से काम पूरा कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन विभागों के माध्यम से निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, उनके अधिकारी कार्यदायी संस्थाओं से लगातार संपर्क बनाए रखें। साथ ही मौके पर जाकर निर्माण कार्यों की निगरानी करें और उन्हें समय सीमा के भीतर पूरा कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन विकास कार्यों की स्वीकृति मिल चुकी है या जो कार्य पूरे हो चुके हैं, उनका शिलान्यास और लोकार्पण जनप्रतिनिधियों से कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में विधायक भिनगा इंद्राणी वर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। बैठक का संचालन परियोजना निदेशक डीआरडीए अश्वनी कुमार ने किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अपर जिलाधिकारी ललित कुमार, सभी उपजिलाधिकारी, विधायक श्रावस्ती के प्रतिनिधि, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर ए के सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग पी मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समिति सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story