TRENDING TAGS :
Shravasti News: जनता दर्शन से स्वास्थ्य सेवाओं तक प्रशासन सक्रिय, अभ्युदय योजना से युवाओं को नई दिशा
Shravasti News: श्रावस्ती में डीएम और एसपी ने जनता दर्शन में फरियाद सुनी, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की, आंधी में घायल बच्चे का हाल जाना और अभ्युदय योजना के तहत छात्रों को मार्गदर्शन दिया।
श्रावस्ती में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बुधवार को अपने-अपने कार्यालयों में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में आए लोगों से सीधे संवाद करते हुए उनकी शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जनता दर्शन में कुल 14 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, विकास, सामाजिक योजनाओं और अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई करने के निर्देश दिए गए।
वहीं एसपी राहुल भाटी ने भी मारपीट, जमीनी विवाद, साइबर फ्रॉड और पारिवारिक मामलों से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर फरियादी को न्याय मिलना चाहिए।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा जिले की रैंकिंग सुधारने पर जोर दिया गया।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला अस्पताल का नियमित और औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
टीकाकरण और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
बैठक में प्रसव पूर्व जांच (एएनसी), जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम और टीकाकरण की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं को समय पर टीकाकरण उपलब्ध कराया जाए तथा ई-कवच पोर्टल पर शत-प्रतिशत डाटा फीडिंग सुनिश्चित की जाए।
आंधी में घायल अमित का हाल जानने पहुंचे अधिकारी
13 मई को खराब मौसम के दौरान इकौना ब्लॉक परिसर में पेड़ की डाल गिरने से घायल हुए 13 वर्षीय अमित गुप्ता के घर प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर हालचाल लिया।
डीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार विजय गुप्ता, जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र और लेखपाल मनीष ने परिवार से मुलाकात की। अधिकारियों ने बताया कि अमित का मेडिकल कॉलेज बहराइच में ऑपरेशन हुआ है और उसके पैर में रॉड डाली गई है। फिलहाल इलाज जारी है।
रेडक्रॉस की ओर से परिवार को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा समाजसेवियों से मदद की अपील करने की बात भी कही गई। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को अनुमन्य आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया है।
अभ्युदय योजना के तहत छात्रों को मिला मार्गदर्शन
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत राजकीय पुस्तकालय भिनगा में छात्र-छात्राओं के लिए सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर प्रवीण कुमार और जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. अमरनाथ यति ने योजना की जानकारी दी।
अधिकारियों ने छात्रों को यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निरंतर अभ्यास, धैर्य और बेहतर समय प्रबंधन की सलाह दी। साथ ही बदलते परीक्षा पैटर्न और मानसिक तनाव प्रबंधन पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि अभ्युदय योजना के तहत आवेदन फार्म आईटीआई भिनगा, आश्रम पद्धति विद्यालय भयापुरवा और सिरसिया से प्राप्त किए जा सकते हैं तथा 1 जुलाई से कक्षाएं प्रारंभ होंगी।


