Shravasti News: अवैध नशे का खुला खेल, गांजा-चिप्पड़ और कच्ची शराब पर कार्रवाई की मांग

Shravasti News: श्रावस्ती में अवैध नशे के कारोबार को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। शहर में गांजा और चिप्पड़ की बिक्री तथा गांवों में कच्ची शराब की भट्टियों के संचालन के आरोपों के बीच लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Radheshyam Mishra
Published on: 17 July 2026 5:54 PM IST
Shravasti News
X

Shravasti News(Photo-Social Media)

Shravasti News: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के बावजूद देवीपाटन मंडल के गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर और बहराइच में अवैध नशे का कारोबार बेरोकटोक जारी है।

शहर और गांव दोनों में धड़ल्ले से बिक्री:

स्थानीय सूत्रों के अनुसार शहर के बीचों-बीच भांग की लाइसेंसी दुकानों की आड़ में गांजा और चिप्पड़ जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं खुलेआम बेची जा रही हैं।

वहीं शहर से सटे दर्जनों गांवों में कच्ची शराब की भट्टियां संचालित हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, "दिन में भांग ठेके की आड़ में गांजा-चिप्पड़ की बिक्री शुरू हो जाती है। गांवों में हर गली में कच्ची शराब मिल रही है। युवा बर्बाद हो रहे हैं।"

शिकायत के बाद भी मौन प्रशासन:

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों को इस पूरे अवैध कारोबार की जानकारी पहले से है। कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें भी की गई हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की ढिलाई के कारण नशा तस्कर और बेखौफ हो गए हैं।

सरकार के अभियान पर उठे सवाल:

एक तरफ सरकार नशा मुक्ति अभियान चला रही है, दूसरी तरफ इन जिलों में अवैध धंधा फल-फूल रहा है। इससे आम जनता में नाराजगी है। खास बात यह है कि बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर नेपाल सीमा से सटे हुए हैं। इन जिलों में शिक्षा दर कमजोर होने के कारण नशे के माफिया युवाओं को आसानी से बरगला कर नशे का आदी बना देते हैं। सबसे ज्यादा कारोबार नेपाल से सटे आसपास के गांवों और झुग्गी झोपड़ियों,जंगली इलाकों और अल्पसंख्यक समुदाय के गांवों में बताया जा रहा है।

लोगों का कहना है कि आगे गांव पंचायत और नगर पंचायत का चुनाव होगा और इन चुनावों में ऐसे कारोबार बढ़ते हैं।साथ ही इन पिछड़े जिलों में नशे के कारोबार मतदाताओं को भी रिझाने में सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।अब अगर समय रहते नकेल नहीं कसी गई तो क्षेत्र में अपराध और कानून-व्यवस्था की समस्या बढ़ सकती है।

आगे क्या?

अब देखना होगा कि सरकार के निर्देशों और जनता की मांग के बाद देवी पाटन मंडल के जिलों की पुलिस एवं आबकारी विभाग इस अवैध कारोबार पर कब तक लगाम लगा पाते हैं। अपील:यदि आपके क्षेत्र में कहीं अवैध नशे की बिक्री हो रही है तो इसकी सूचना आबकारी विभाग हेल्पलाइन या डायल 112 पर दें। पहचान गुप्त रखी जाएगी।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story