Shravasti News: मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं, बालिकाओं को किया गया जागरूक

Shravasti News: एसपी राहुल भाटी के निर्देश पर पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, साइबर अपराध और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी।

Radheshyam Mishra
Published on: 11 May 2026 10:26 PM IST
Women, Girls Made Aware Under Mission Power 5.0
X

मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं, बालिकाओं को किया गया जागरूक (Photo- Newstrack)

Shravasti News: उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत श्रावस्ती पुलिस लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर जिले में एक बार फिर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया।

महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने पर जोर

एसपी राहुल भाटी के कुशल निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत यह अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास का संचार करना, उन्हें उनके अधिकारों की जानकारी देना और उनके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना रहा। पुलिस की ओर से यह संदेश दिया गया कि महिलाएं निडर होकर अपनी बात रखें और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं।


स्कूलों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर चलाए गए कार्यक्रम

अभियान के तहत जिले की शक्ति मोबाइल टीम, मिशन शक्ति टीम और सभी थानों की पुलिस टीमों ने विद्यालयों, ग्रामीण क्षेत्रों, शहरी इलाकों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए। चौपाल, संवाद और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

इस दौरान उन्हें कानूनी अधिकारों और सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में आगे आकर अपनी आवाज उठाने और बिना डर अपनी समस्याएं साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।

साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया गया जागरूक

अभियान के दौरान साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी स्थिति में ओटीपी साझा न करें और मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें।

इसके साथ ही किसी भी साइबर अपराध या आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने के लिए कहा गया। पुलिस ने महिलाओं को यह भी समझाया कि थोड़ी सी सावधानी उन्हें बड़ी ऑनलाइन ठगी से बचा सकती है।

यूपीकॉप ऐप और ऑनलाइन सेवाओं की दी गई जानकारी

महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और ऑनलाइन सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने यूपीकॉप ऐप और सीसीटीएनएस प्रणाली के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया और उनका अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इसके अलावा शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी जागरूक किया गया, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।


मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क की दी गई जानकारी

जनपद के सभी थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क की जानकारी भी महिलाओं तक पहुंचाई गई। इस दौरान जागरूकता सामग्री वितरित की गई, जिससे महिलाओं को जरूरत पड़ने पर त्वरित और प्रभावी सहायता मिल सके।

एसपी राहुल भाटी ने बताया कि श्रावस्ती पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए यह जनजागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story