TRENDING TAGS :
Shravasti News: डीएम ने सड़क सुरक्षा बैठक में ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर दुर्घटनाएं घटाने के दिए निर्देश
Shravasti News: श्रावस्ती में डीएम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
Shravasti News(Photo-Social Media)
Shravasti News: जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। डीएम ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधारात्मक कार्य कराने और रिस्पॉन्स टाइम पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
ब्लैक स्पॉट व संकेतकों पर जोर:
डीएम ने कहा कि जिले में यातायात नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। चिन्हित ब्लैक स्पॉट की स्थिति व उन पर सुधारात्मक कार्य के साथ नवीन ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाए। प्रमुख मार्गों पर सड़क सुरक्षा चिन्ह बोर्ड/संकेतांक, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टिंग कलर, रंबलिंग स्ट्रिप बनाई जाएं। मोड़ों, डिवाइडर व सड़क किनारे पेड़ों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाया जाए।
गोल्डन आवर में इलाज व राहवीरों को सम्मान:
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि जहां अधिक दुर्घटनाएं होती हैं, उन स्थानों का चयन कर जांच कर त्वरित सुधार किया जाए। दुर्घटना होने पर गोल्डन आवर यानी 01 घंटे में घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। रिस्पॉन्स टाइम पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित समय में एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाए। घायलों की मदद करने वाले राहवीरों को नकद पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
स्कूलों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था:
डीएम ने निर्देश दिया कि विद्यालय परिसर के बाहर दोनों साइडों पर रोड ब्रेकर बनाया जाए। स्कूल खुलने व छूटने के समय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। विद्यालय मार्गों पर साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। स्कूल वाहनों के चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस, चरित्र व पते का सत्यापन कराया जाए। प्रबंधकों द्वारा वर्ष में एक बार सभी यान चालकों का नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। स्कूल से सम्बद्ध यानों के पंजीयन, फिटनेस, बीमा, परमिट की जांच की जाए।
बैठक में उपस्थित रहे:
अपर जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह, सीओ आलोक सिंह, एआरटीओ मो0 अजीम, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण के0पी0 मिश्र, अपर सीएमओ डॉ0 के0के0 वर्मा, डीआईओएस सत्येन्द्र सिंह, बीएसए अकांक्षा रावत सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी।


