Shravasti News: ऑपरेशन रक्षा अभियान, चौपाल लगाकर किया जागरूक, होटलों की जांच

Shravasti News: ऑपरेशन रक्षा के तहत एएचटी पुलिस ने चिल्हरिया मोड़ पर चौपाल लगाकर महिलाओं और बच्चों को जागरूक किया। होटल संचालकों को सुरक्षा नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के निर्देश दिए।

Radheshyam Mishra
Published on: 12 July 2026 10:56 PM IST
Operation Raksha Abhiyan, Chaupals planted awareness, Hotels checked
X

ऑपरेशन रक्षा अभियान, चौपाल लगाकर किया जागरूक, होटलों की जांच (Photo- Newstrack)

Shravasti News: महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर श्रावस्ती पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद में संचालित ऑपरेशन रक्षा एवं बाल श्रम मुक्त अभियान के तहत रविवार को थाना एएचटी पुलिस ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान लोगों को महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी देने के साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह और तस्करी जैसे अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।

चिल्हरिया मोड़ पर लगी चौपाल, लोगों को दिए महत्वपूर्ण संदेश

थाना एएचटी प्रभारी निरीक्षक लाल साहब सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना सिरसिया क्षेत्र के चिल्हरिया मोड़ पर चौपाल आयोजित की। इस दौरान उप निरीक्षक सतीश कुमार, आरक्षी अमोल कुमार, महिला आरक्षी अर्चना पाण्डेय, महिला आरक्षी गरिमा सिंह के साथ एनजीओ प्रतिनिधि सार्जन और प्रेम बाबू गिरी भी मौजूद रहे।


चौपाल में महिलाओं और बच्चों को बाल श्रम, बाल विवाह, बाल तस्करी और बाल भिक्षावृत्ति जैसे अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने बच्चों के अधिकारों, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी। लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं इस तरह की गतिविधियां दिखाई दें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से इन सेवाओं का समय पर उपयोग करने और जरूरतमंदों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील भी की।

होटलों की जांच कर संचालकों को दिए कड़े निर्देश

जनजागरूकता अभियान के साथ ही थाना एएचटी पुलिस ने कोतवाली भिनगा क्षेत्र के विभिन्न होटलों की भी जांच की। इस दौरान होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी आगंतुकों का पूरा अभिलेख अनिवार्य रूप से संधारित करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।

पुलिस ने होटल संचालकों को चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।


महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए अभियान रहेगा जारी

श्रावस्ती पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और जनजागरूकता को लेकर ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य लोगों को जागरूक बनाकर बाल श्रम, बाल विवाह, बाल तस्करी और अन्य अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना तथा समाज में सुरक्षा और जागरूकता का माहौल मजबूत करना है।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story