TRENDING TAGS :
Shravasti News: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
Shravasti News: श्रावस्ती में पुलिस ने दो इनामी आरोपियों को पकड़ा, चोरी की बाइक, हथियार और 31 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई, मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, चोरी का सामान (Photo- Newstrack)
Shravasti News: श्रावस्ती में अपराधियों और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली भिनगा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद 50-50 हजार रुपये के दो इनामी वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सीएचसी भिनगा में भर्ती कराया गया। उसकी हालत सामान्य बताई गई है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से हथियार, कारतूस, चोरी की बाइक, मोबाइल, नकदी और चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में यह कार्रवाई रात करीब 9:30 बजे अन्टा तिराहे से जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी की पल्सर बाइक से दो शातिर चोर नेपाल की ओर भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर थाना कोतवाली भिनगा, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस पर बदमाशों ने की फायरिंग
पुलिस टीम ने जब दोनों बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से करीब छह राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली प्रभारी निरीक्षक राजप्रकाश सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। वहीं एसआई अनुराग सिंह गिरने के कारण घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गिरीश बहेलिया पुत्र रामनरेश निवासी हनुमानगढ़ी मोहल्ला भिनगा के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
इसके बाद पुलिस टीम ने दूसरे बदमाश शिव कुमार जायसवाल उर्फ दूबे निवासी गोबार भिनगा को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों पर डीआईजी देवीपाटन परिक्षेत्र गोंडा की ओर से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
हथियार और चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो देसी तमंचे, एक जिंदा कारतूस और छह खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की पल्सर बाइक, दो मोबाइल फोन, 15 हजार रुपये नकद, चोरी की चार पायल, पैन कार्ड, पासपोर्ट और बैंक पासबुक भी बरामद हुई हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों बदमाशों ने भिनगा, सिरसिया और सोनवा क्षेत्र में कई नकबजनी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक दोनों चोरी का सामान नेपाल में जाकर बेचते थे।
गिरीश पर 23 और शिव कुमार पर नौ मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गिरीश बहेलिया का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत कुल 23 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी शिव कुमार जायसवाल के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
सिरसिया में 31 लीटर कच्ची शराब के साथ दो गिरफ्तार
इसी अभियान के तहत श्रावस्ती के थाना सिरसिया पुलिस ने भी अवैध कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 31 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान के पर्यवेक्षण में शनिवार को थानाध्यक्ष सौरभ सिंह के नेतृत्व में एसआई सूर्यनाथ सिंह की टीम गश्त कर रही थी। पुलिस टीम वांछित और वारंटियों की तलाश में भी जुटी थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रामकरन पुरवा मार्ग से अवैध कच्ची शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 31 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान पुजाराम पुत्र जगत राम निवासी फत्तेपुर, भरथाकला और विनोद कुमार पुत्र मालिक राम निवासी बदलपुर राजगुरु, जुड़पनिया के रूप में हुई है। दोनों थाना सिरसिया क्षेत्र के रहने वाले हैं।
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिरसिया में मु0अ0सं0 248/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कच्ची शराब की बरामदगी और गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एसआई राज किशोर गुप्ता, हेड कांस्टेबल देवेंद्र प्रताप, विवेक कुमार और कांस्टेबल चंद्रशेखर यादव शामिल रहे। वहीं इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी और मुठभेड़ की कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।


