Shravasti News: श्रावस्ती में महिला अपराध पर पुलिस का शिकंजा, 134 आरोपी गिरफ्तार

Shravasti News: महिला सुरक्षा अभियान में 24 मामलों में 36 को सजा, 13,636 महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया, हथियारों के साथ दो आरोपी भी पकड़े गए।

Radheshyam Mishra
Published on: 22 Aug 2026 11:17 PM IST
Shravasti News: श्रावस्ती में महिला अपराध पर पुलिस का शिकंजा, 134 आरोपी गिरफ्तार
X

Shravasti News: श्रावस्ती में महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ पुलिस ने पिछले एक साल में लगातार अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में मिशन शक्ति-5.0 के दूसरे चरण के तहत एंटी रोमियो और ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान चलाया गया। इन अभियानों के जरिए महिला अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने का काम भी किया गया।

पुलिस के अनुसार महिला संबंधी अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान 19 महिला संबंधी अपराधियों के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं छेड़खानी के 125 मुकदमों में 134 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। एंटी रोमियो टीमों ने जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाते हुए 1,224 व्यक्तियों को चिन्हित किया और चेतावनी देकर छोड़ा।

146 मामलों में 144 महिला और बालिकाएं बरामद

महिला और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से चलाए गए अभियान में अपहृता और गुमशुदा से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक ऐसे 146 मामलों में कार्रवाई करते हुए 144 महिला और बालिकाओं को बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत 24 मुकदमों में 36 को सजा

महिला अपराधों से जुड़े गंभीर मामलों में आरोपियों को सजा दिलाने के लिए ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस ने प्रभावी विवेचना और पैरवी की। हत्या, पॉक्सो, बलात्कार और दहेज हत्या जैसे गंभीर मामलों में पुलिस की कार्रवाई के बाद अदालत से 24 मुकदमों में कुल 36 अभियुक्तों को सजा हुई।

पुलिस के अनुसार 6 मामलों में 6 अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा मिली। वहीं 5 मामलों में 8 अभियुक्तों को 20 साल या उससे अधिक की सजा सुनाई गई। इसके अलावा 5 मामलों में 6 अभियुक्तों को 10 से 14 साल की सजा मिली। एक मामले में 6 अभियुक्तों को 5 से 9 साल की सजा और 7 मामलों में 10 अभियुक्तों को 5 साल से कम की सजा दिलाई गई। इस तरह कुल 24 मुकदमों में 36 अपराधियों को कोर्ट से सजा हुई।

13 हजार से ज्यादा महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

मिशन शक्ति अभियान के तहत श्रावस्ती में बहू-बेटी सम्मेलनों के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। जिले में कुल 324 बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 13,636 महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया।

एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लगातार चेकिंग की। इस कार्रवाई के दौरान 113 मामलों में 211 शोहदों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 6,096 शोहदों को धारा 126, 135 और 170 बीएनएस के तहत पाबंद किया गया। इसके अलावा 346 लोगों को धारा 129 बीएनएस में पाबंद किया गया, जबकि 6 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है। महिला अपराध में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

भिनगा पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ पकड़ा

इधर, श्रावस्ती में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली भिनगा पुलिस को भी बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो युवकों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। दोनों के पास से एक-एक अवैध देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और सीओ भिनगा भरत पासवान के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।


अलग-अलग जगहों से पकड़े गए दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान जीशान पुत्र हवलदार, निवासी मोहल्ला टेड़वा रजा नगर, कस्बा भिनगा को अण्टा तिराहे से जानकी नगर जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।


दूसरे आरोपी उसमान पुत्र कमाल अहमद, निवासी दर्जी मोहल्ला, कस्बा भिनगा को वर्गा वर्गी सरकारी चौपाल के पास से पकड़ा गया। उसे उपनिरीक्षक अनुराग सिंह की टीम ने गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उसमान के पास से भी 315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी

दोनों आरोपियों से हुई बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली भिनगा में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जीशान के खिलाफ मु0अ0सं0 405/2026 और उसमान के खिलाफ मु0अ0सं0 406/2026 दर्ज किया है। दोनों मामलों में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी जीशान का पहले से भी आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में थाना कोतवाली भिनगा में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मु0अ0सं0 0448/2024 दर्ज हुआ था। इसके अलावा मु0अ0सं0 0451/2024 में धारा 305(ए), 331(2) बीएनएस के तहत भी मामला दर्ज है। वर्ष 2025 में उसके खिलाफ मु0अ0सं0 0182/2025 धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह, उप निरीक्षक शमशाद अली, उप निरीक्षक अनुराग सिंह, हेड कांस्टेबल जुनेद अख्तर, हेड कांस्टेबल रमेश चंद्र गुप्ता, कांस्टेबल विनोद कुमार, कांस्टेबल अजय त्रिवेदी और कांस्टेबल किशन वर्मा शामिल रहे।

श्रावस्ती पुलिस के इन दोनों अभियानों में एक ओर महिला अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई और अदालत से सजा दिलाने पर जोर दिया गया है, वहीं दूसरी ओर अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story