Shravasti News: त्योहारों को लेकर एएसपी ने किया पैदल गश्त, व्यापारियों से संवाद

Shravasti News: श्रावस्ती में धनतेरस और दीपावली को लेकर एएसपी चंद्रकेश सिंह ने पुलिस बल के साथ भिनगा बाजार में किया पैदल गश्त। सुरक्षा का दिलाया भरोसा।

Radheshyam Mishra
Published on: 4 Nov 2026 8:43 PM IST
Shravasti News: त्योहारों को लेकर एएसपी ने किया पैदल गश्त, व्यापारियों से संवाद
X

Shravasti News:आगामी धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के मद्देनजर जनपद पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह ने पुलिस बल के साथ थाना भिनगा क्षेत्रांतर्गत प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

एसपी राहुल भाटी के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा त्योहारों को लेकर विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गई है। इसके तहत सभी थानाक्षेत्रों में पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया है। बाजारों में पुलिस की पैदल गश्त बढ़ा दी गई है।अपर पुलिस अधीक्षक ने भिनगा के मुख्य बाजार, गांधी चौक, स्टेशन रोड, सब्जी मंडी सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने आमजन एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा त्योहारों को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

उन्होंने व्यापारियों से कहा कि दुकानों के सामने अतिक्रमण न करें, ताकि ग्राहकों को आवागमन में परेशानी न हो। सीसीटीवी कैमरे चालू रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि पुलिस हर समय आपकी सेवा के लिए तत्पर है।पैदल गश्त के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बाजारों में निरंतर भ्रमणशील रहने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ अधिक रहती है। ऐसे में जेबकतरों, चेन स्नेचरों और शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए। महिला पुलिस कर्मियों को भी बाजारों में तैनात किया जाए। यातायात पुलिस को निर्देश दिया कि मुख्य चौराहों पर जाम न लगने पाए। अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।उन्होंने थानाध्यक्ष भिनगा को निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त की जाए। पटाखा दुकानों की जांच की जाए। लाइसेंस के बिना पटाखा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। छठ घाटों पर भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

गश्त के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। व्यापारियों ने कहा कि पुलिस के पैदल गश्त से बाजार में सुरक्षा का माहौल बना है। ग्राहक बेखौफ होकर खरीदारी कर रहे हैं।श्रावस्ती पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु प्रतिबद्ध है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाने पर संपर्क करें।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story