Shravasti News: भिनगा इंटर कॉलेज में संविधान संवाद आयोजित, छात्राओं को दिए अधिकारों के मंत्र

Shravasti News: श्रावस्ती के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित हुआ, जहाँ छात्राओं को संविधान व अधिकारों की जानकारी दी गई।

Radheshyam Mishra
Published on: 5 Nov 2026 8:16 PM IST
Shravasti News: भिनगा इंटर कॉलेज में संविधान संवाद आयोजित, छात्राओं को दिए अधिकारों के मंत्र
X

Shravasti News

Shravasti News: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में बुधवार को संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर आयोजित शिविर में छात्राओं को संविधान, मौलिक अधिकार, कर्तव्य और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रमेश चंद्र प्रथम के निर्देशन में तथा सचिव अनुप्रिया की अध्यक्षता में अपराह्न दो बजे से किया गया। संचालन पैनल लॉयर अशोक कुमार शर्मा ने किया।

सचिव अनुप्रिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान ही देश की आत्मा है। प्रत्येक नागरिक को इसकी प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं के अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना होगा और संविधान के प्रति जागरूक बनना होगा। उन्होंने कहा कि अधिकार तभी मिलते हैं, जब हम उनके प्रति जागरूक होते हैं।

उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि संविधान को अपने जीवन में उतारें। अनुशासन, समानता और कर्तव्य भावना ही एक अच्छे नागरिक की पहचान है। बालिकाओं को आगे बढ़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए।पैनल लॉयर अशोक कुमार शर्मा ने छात्राओं को संविधान के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि संविधान सभी को समानता का अधिकार देता है। जाति, धर्म, लिंग के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद व्यक्ति को निःशुल्क विधिक सहायता दी जाती है। कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे, यही प्राधिकरण का उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। अधिकार और कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जागरूक नागरिक ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करता है।

कार्यक्रम में प्राचार्या एकता यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी मिलती है। विद्यालय में इस तरह के कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर शिक्षिका सीमा, अन्य शिक्षकगण, वरिष्ठ लिपिक दयाराम सहित विद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने संविधान के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों के लिए सजग रहने का संकल्प लिया।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story