TRENDING TAGS :
Shravasti News: श्रावस्ती में जनगणना-2027 की डिजिटल स्व-गणना हेतु स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण
Shravasti News : श्रावस्ती में जनगणना-2027 की डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने हेतु सीएचसी व जिला अस्पतालों में प्रशिक्षण आयोजित।
Shravasti News : भारत सरकार के निर्देश पर जनगणना-2027 को देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना के रूप में संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद श्रावस्ती में जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना प्रक्रिया को सफलतापूर्वक लागू करने, आमजन को जागरूक करने एवं स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के मद्देनजर से जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों व जिला चिकित्सालय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को डिजिटल जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, ऑनलाइन स्व-गणना प्रणाली, पोर्टल संचालन, डेटा सुरक्षा एवं आमजन को जागरूक करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षकों द्वारा बताया गया कि जनगणना-2027 भारत की पहली ऐसी जनगणना होगी जिसमें नागरिक स्वयं एचएलओएसई (HLOSE) पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल, सुरक्षित एवं समयबद्ध होगी।
प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल जनगणना के विभिन्न लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बताया गया कि ऑनलाइन प्रणाली अपनाए जाने से कागजी कार्यवाही में कमी आएगी, डेटा संग्रहण की प्रक्रिया अधिक तेज एवं त्रुटिरहित होगी तथा आंकड़ों का सुरक्षित डिजिटल भंडारण संभव हो सकेगा। इसके माध्यम से शासन को योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण एवं विकास कार्यों की बेहतर रूपरेखा तैयार करने में सहायता प्राप्त होगी।
स्व-गणना प्रक्रिया के अंतर्गत नागरिक स्वयं आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक विवरण ऑनलाइन भर सकेंगे। प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि पोर्टल का इंटरफेस अत्यंत सरल एवं उपयोगकर्ता अनुकूल बनाया गया है, जिससे आमजन मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से आसानी से जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
प्रशिक्षकों द्वारा पोर्टल की विशेषताओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह पोर्टल सुरक्षित, व्यवस्थित एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ है, जिसके माध्यम से डेटा की गोपनीयता एवं शुद्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही नागरिकों को बार-बार जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी तथा स्वयं द्वारा भरी गई सूचनाओं में विश्वसनीयता बनी रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा डिजिटल पोर्टल संचालन एवं स्व-गणना प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएं भी पूछी गईं, जिनका प्रशिक्षकों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के साथ-साथ जनपद स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता स्थापित करना भी रहा।


