Shravasti News: भीषण बिजली संकट से जनाक्रोश, ग्रामीण क्षेत्रों में सिर्फ 5-6 घंटे हो रही सप्लाई

Shravasti News: श्रावस्ती में भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में केवल 5-6 घंटे बिजली आपूर्ति होने से लोगों में भारी आक्रोश है। विधायक और डीएम के निर्देशों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा।

Radheshyam Mishra
Published on: 27 May 2026 9:36 PM IST
Shravasti News: भीषण बिजली संकट से जनाक्रोश, ग्रामीण क्षेत्रों में सिर्फ 5-6 घंटे हो रही सप्लाई
X

Shravasti News

Shravasti News: गत माह उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ने बिजली कटौती को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों पर सीधा निशाना साधते हुए कहा था कि रोस्टर से अधिक बिजली कटौती कर वे सरकार की छवि खराब कर रहे हैं। वहीं, श्रावस्ती में विधायक रामफेरन पाण्डेय और डीएम अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देशों के बावजूद ग्रामीण इलाकों में मुश्किल से 5 से 6 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।श्रावस्ती के खासकर गिलौला और इकौना क्षेत्र की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। यहां पिछले 15 दिनों से बमुश्किल 5 से 6 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है, जबकि जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

इसी सप्ताह बिजली संकट को लेकर श्रावस्ती विधायक रामफेरन पाण्डेय ने इकौना के अधिशासी अभियंता पर नाराजगी जताई थी। इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। वहीं, बकरीद त्योहार को देखते हुए डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बाद भी बिजली सप्लाई 5-6 घंटे तक ही सीमित बनी हुई है।बिजली संकट के कारण खेतों में सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है। छोटे दुकानदारों का कारोबार ठप पड़ने लगा है, जबकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात में उमस और अंधेरे से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

बता दें कि गत माह ऊर्जा मंत्री ने अपने बयान में कहा था कि कुछ अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित रोस्टर का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे सरकार की छवि खराब हो रही है। उन्होंने प्रदेशभर में निर्देश दिए थे कि रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा अनावश्यक कटौती किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद श्रावस्ती में अधिकारी और कर्मचारी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। आरोप है कि कई क्षेत्रों में लोगों से बढ़ा-चढ़ाकर बिजली बिल वसूला जा रहा है।

जनता की प्रतिक्रिया

गिलौला बाजार निवासी मनोज तिवारी ने बताया कि, “दिन में करीब 2 घंटे और रात में 3 घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे मोबाइल चार्ज नहीं हो पाता और दूध तक खराब हो रहा है।”इकौना तहसील निवासी अधिवक्ता श्रीधर द्विवेदी ने कहा कि, “दिन-रात मिलाकर मुश्किल से 5 से 6 घंटे ही बिजली सप्लाई हो रही है। इससे छोटे बच्चों समेत आमजन परेशान हैं। शिकायत करने पर अधिशासी अभियंता से लेकर कर्मचारी तक फोन नहीं उठाते और न ही सही तरीके से बात करते हैं।”वहीं भारतीय किसान यूनियन के विनोद शुक्ला ने कहा कि खरीफ की बुवाई का समय चल रहा है, लेकिन किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।इस संबंध में स्थानीय एसडीओ का कहना है कि तकनीकी फॉल्ट और कभी-कभी लोड शेडिंग के कारण समस्या उत्पन्न हो रही है। जल्द ही इसका समाधान निकाल लिया जाएगा।

Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story