Shravasti News: आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुख्य आरक्षी गिरफ्तार, एसएसपी ने किया निलंबित

Shravasti News: श्रावस्ती के सिरसिया थाना क्षेत्र में आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुख्य आरक्षी रामकेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसएसपी राहुल भाटी ने आरोपी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

Radheshyam Mishra
Published on: 6 Aug 2026 5:55 PM IST
Shravasti News: आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुख्य आरक्षी गिरफ्तार, एसएसपी ने किया निलंबित
X

Shravasti News

Shravasti News: थाना सिरसिया पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के एक गंभीर मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए अपने ही विभाग के एक मुख्य आरक्षी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने एक युवती को फोन और मैसेज के जरिए अपने प्रेमजाल में फंसाया और बाद में उसका मानसिक उत्पीड़न किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) राहुल भाटी ने आरोपी मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित पिता (वादी) ने थाना सिरसिया में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति उनकी पुत्री को लगातार फोन और मैसेज कर परेशान कर रहा था तथा बातचीत न करने पर उसका उत्पीड़न करता था।आरोप है कि आरोपी के इस लगातार मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर युवती ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना सिरसिया में **मु0अ0सं0 210/2026, धारा 108 (BNS)** के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

सर्विलांस और CAF से खुला राज

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र और सर्विलांस सेल की मदद ली। जांच के दौरान जिस मोबाइल नंबर से युवती को परेशान किया जा रहा था, उसकी पड़ताल की गई। सर्विलांस सेल से प्राप्त **CAF (Customer Application Form)** और अभिलेखीय साक्ष्यों के परीक्षण से यह साफ हुआ कि संबंधित सिम नंबर **रामकेश** (पुत्र स्वर्गीय रामदास, निवासी मरवटिया बाबू, थाना नगर बाजार, जनपद बस्ती) के नाम पर दर्ज है, जो पुलिस विभाग में ही मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात है।साक्ष्यों के आधार पर विवेचना में मुख्य आरक्षी रामकेश का नाम प्रमुखता से प्रकाश में आया।

SP की सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी

मामला सामने आते ही पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुख्य आरक्षी रामकेश को तुरंत निलंबित कर दिया और उसके विरुद्ध विभागीय जांच बैठा दी। इसके बाद सिरसिया थाना पुलिस टीम ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए SP राहुल भाटी ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून सबके लिए बराबर है—चाहे आरोपी पुलिस विभाग का ही कर्मचारी क्यों न हो, दोष सिद्ध होने पर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story