TRENDING TAGS :
Shravasti News: मौसम बदलते ही बढ़े मरीज, डीएम ने स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
Shravasti News: श्रावस्ती में मौसम बदलने के साथ मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ गए हैं। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर दवाओं, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
Shravasti News
Shravasti News: मौसम में बदलाव और बढ़ती गर्मी के बीच जिले में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल सहित सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की भीड़ देखने को मिल रही है। गुरुवार दोपहर तक जिला अस्पताल में बुखार, डिहाइड्रेशन और अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं।मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को सभी व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बुधवार को दो स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पीएचसी चैलाही में जांचीं स्वास्थ्य सुविधाएं
जिलाधिकारी ने सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र चैलाही का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की साफ-सफाई, टीकाकरण व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, कर्मचारियों की उपस्थिति और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।उन्होंने केंद्र पर मौजूद गर्भवती महिलाओं से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं और दवाओं के बारे में पूछा। स्टॉक रजिस्टर की जांच करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि जरूरी और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखी जाए तथा मरीजों को समय पर निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।निरीक्षण के दौरान उन्होंने एएनसी, ड्यू लिस्ट और सैम-मैम रजिस्टर भी देखे। रजिस्टर में 196 बच्चों का पंजीकरण पाया गया।
उपस्थिति पंजिका की जांच करते हुए उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। साथ ही एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की।इसके बाद जिलाधिकारी ने जन आरोग्य केंद्र चिल्हरिया का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने एएनएम से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और एक बच्चे का वजन कराकर सैम-मैम की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान केंद्र पर रेडियंट वार्मर मशीन उपलब्ध नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल मशीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर पहुंचाई जाएं।उन्होंने कहा कि मरीजों को आवश्यक उपचार, दवाएं और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।


