Shravasti News: भीषण गर्मी का कहर जारी, रेडक्रॉस ने सुरक्षाकर्मियों को बांटी ओआरएस और दवा किट

Shravasti News: श्रावस्ती में लगातार चौथे दिन भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी रहा। रेडक्रॉस सोसायटी ने डीएम अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर सुरक्षाकर्मियों को ओआरएस पैकेट और प्राथमिक उपचार की दवाइयां वितरित कीं।

Radheshyam Mishra
Published on: 22 May 2026 9:22 PM IST
Shravasti News: भीषण गर्मी का कहर जारी, रेडक्रॉस ने सुरक्षाकर्मियों को बांटी ओआरएस और दवा किट
X

Shravasti News: तराई क्षेत्र में चौथे दिन भी भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी रहा। शुक्रवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तपती धूप और लू के थपेड़ों से इंसानों के साथ-साथ जीव-जंतु भी बेहाल नजर आए। शुक्रवार को लगातार चौथे दिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

कार्यालय, कचहरी तथा जरूरी कार्य से बाहर निकलने वाले लोग सिर पर गमछा और छाता लेकर चलते दिखाई दिए। वहीं ग्रामीण इलाकों में लगातार बिजली कटौती जारी है। जगह-जगह खराब हैंडपंप और सूखे कुएं आम जनजीवन को प्रभावित कर रहे हैं। भिनगा और इकौना नगरों में पानी की मांग बढ़ने से आपूर्ति भी बाधित हो रही है।खेतों में चरने वाले मवेशी छाया की तलाश करते नजर आए। कई स्थानों पर पशु-पक्षी और अन्य जानवर पानी की खोज में भटकते देखे गए। वन विभाग ने जंगल किनारे स्थित तालाबों में टैंकरों से पानी भरवाने का कार्य शुरू किया है, लेकिन यह प्रयास नाकाफी साबित हो रहा है। पशु चिकित्सालयों में लू लगने से बीमार मवेशियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।जिलाधिकारी श्रावस्ती अन्नपूर्णा गर्ग ने सभी सीएचसी और पीएचसी पर ओआरएस उपलब्ध कराने तथा प्रमुख चौराहों पर ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। लू से बचाव के मद्देनजर मनरेगा मजदूरों के कार्य का समय सुबह 6 बजे से 10 बजे तक सीमित कर दिया गया है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने हीटवेव अलर्ट जारी करते हुए बुजुर्गों और बच्चों को धूप में न निकलने की सलाह दी है। साथ ही सिरदर्द, उल्टी या चक्कर आने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने तथा घर से बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखने की अपील की गई है।दूसरी ओर, शुक्रवार को रेडक्रॉस सोसायटी की अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर रेडक्रॉस टीम द्वारा जनपद में हीटवेव से बचाव के उपाय लगातार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एक दिन पूर्व लगाए गए निःशुल्क प्याऊ के उद्घाटन के बाद आज रेडक्रॉस उपाध्यक्ष प्रतिनिधि एवं अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. वर्मा तथा सचिव अरुण कुमार मिश्र द्वारा जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों, चौराहों और न्यायालयों की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को निःशुल्क ओआरएस के पैकेट और प्राथमिक उपचार हेतु दवाइयां वितरित की गईं।

इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने सुरक्षा कर्मियों को प्रशिक्षित करते हुए बताया कि एक ओआरएस पैकेट को एक लीटर पानी में घोलकर समय-समय पर पीते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी से बचने के लिए शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने बताया कि दर्द और बुखार होने पर पैरासिटामोल, पेट दर्द होने पर 10 एमजी डाइक्लोमीन, एसिडिटी महसूस होने पर 150 एमजी रैनिटिडीन, उल्टी होने पर 4 एमजी ओंडैनसेट्रॉन तथा दस्त होने पर 400 एमजी मेट्रोनिडाजोल का प्रयोग चिकित्सकीय सलाह के बाद ही करें। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर हीटवेव से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। आपात स्थिति में 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस सेवा प्राप्त की जा सकती है।

रेडक्रॉस सचिव ने कहा कि हीटवेव से बचने के लिए दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलने की एडवाइजरी जारी की गई है। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस, पीएसी, होमगार्ड और पीआरडी जवानों को इस भीषण गर्मी में भी ड्यूटी करनी पड़ती है। इसलिए उन्हें हीटवेव से सुरक्षित रखने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि जवानों में समय-समय पर ओआरएस के सेवन की आदत विकसित हो सके।इसके साथ ही उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक दवाओं की किट भी सौंपी गई, जिस पर दवाओं के उपयोग संबंधी निर्देश स्पष्ट रूप से अंकित हैं और उन्हें इसकी जानकारी भी दी गई।इस अवसर पर डॉ. अश्वनी मिश्रा, शिव प्रकाश यादव सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story